देश की खबरें | म्हाडा के अधिकारी पर पत्नी को आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र गृह निर्माण व क्षेत्र विकास प्राधिकरण (म्हाडा) के एक वरिष्ठ अधिकारी की पत्नी ने उत्तरी मुंबई के कांदिवली स्थित अपने फ्लैट में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जिसके बाद महिला के पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
मुंबई, 27 जुलाई महाराष्ट्र गृह निर्माण व क्षेत्र विकास प्राधिकरण (म्हाडा) के एक वरिष्ठ अधिकारी की पत्नी ने उत्तरी मुंबई के कांदिवली स्थित अपने फ्लैट में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जिसके बाद महिला के पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
समता नगर पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि रेणु कटारे (42) ने शनिवार शाम कांदिवली पूर्व के लोखंडवाला स्थित सिल्वर ओक बिल्डिंग के अपने फ्लैट में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली।
अधिकारी ने बताया, ‘‘महिला के भाई सचिन सेजल (45) की शिकायत पर हमने उनके (महिला के) पति बापू शिवाजी कटारे (जो म्हाडा के उप रजिस्ट्रार हैं) और सास यामाबाई कटारे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाने) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।"
उन्होंने कहा, ‘‘घटना वाले दिन रेणु कटारे ने अपने पारिवारिक चिकित्सक को फोन करके बताया था कि उसके परिवार के सदस्य उसे परेशान कर रहे हैं। शुरुआती बातचीत के बाद, जब रेणु से संपर्क नहीं हो सका तो उन्होंने ने उसके मायके के लोगों को इसकी जानकारी दी। रेणु के मायके के लोग पुणे से यहां पहुंचे और उन्हें पता चला कि उसने आत्महत्या कर ली है।"
अधिकारी ने बताया कि मृतका के भाई ने आरोप लगाया है कि उसका पति और सास दहेज के लिए उसे परेशान कर रहे थे।
उन्होंने कहा, ‘‘मामले की जांच के तहत इन सभी दावों की पुष्टि की जा रही है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)