नयी दिल्ली, छह जनवरी दिल्ली की एक अदालत ने अपनी ‘लिव-इन पार्टनर’ श्रद्धा वालकर की हत्या करने और उसके शव के टुकड़े करने के आरोपी आफताब अमीन पूनावाला की न्यायिक हिरासत की अवधि शुक्रवार को चार दिन के लिए बढ़ा दी।
पूनावाला को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए अदालत में पेश किया गया।
मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट अविरल शुक्ला ने कहा, ‘‘मैं पूनावाला की न्यायिक हिरासत चार दिन के लिए बढ़ा रहा हूं। आरोपी को 10 जनवरी को व्यक्तिगत रूप से मेरे सामने पेश किया जाए।’’
इस बीच पूनावाला के वकील एमएस खान ने उसके डेबिट और क्रेडिट कार्ड जारी करने के लिए एक आवेदन दिया।
खान ने कहा कि पूनावाला जेल के अंदर कड़ाके की ठंड का सामना कर रहा है और उसके पास पर्याप्त कपड़े नहीं हैं।
वकील ने कहा कि पूनावाला के परिवार ने उनसे सभी संबंध तोड़ लिए हैं और उसे गर्म कपड़े खरीदने के लिए पैसों की तत्काल जरूरत है।
आवेदन में कहा गया है, ‘‘आरोपी के बैंक खातों में कुछ पैसे है और आरोपी के डेबिट कार्ड/क्रेडिट कार्ड पुलिस अधिकारियों के पास पड़े हैं।’’
आवेदन पर 10 जनवरी को सुनवाई होने की संभावना है।
इससे पहले, एक अदालत ने 23 दिसंबर को पूनावाला को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा था।
पूनावाला ने श्रद्धा वालकर की कथित तौर पर हत्या कर उसके शव के लगभग 35 टुकड़े किये और इन टुकड़ों को उसने दक्षिणी दिल्ली के महरौली स्थित अपने घर पर 300 लीटर के फ्रिज में लगभग तीन सप्ताह तक रखा और फिर उन्हें विभिन्न हिस्सों में कई दिनों तक फेंकता रहा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY