देश की खबरें | एमसीडी अपने स्कूल के शिक्षकों को प्रशिक्षण के लिए दिल्ली से बाहर भेजने की बना रही योजना : महापौर शैली ओबेरॉय

नयी दिल्ली, 25 अप्रैल दिल्ली नगर निगम(एमसीडी) के स्कूल के शिक्षकों को प्रशिक्षण के लिए राष्ट्रीय राजधानी से बाहर भेजने की योजना बनाई जा रही है। यह जानकारी दिल्ली की महापौर शैली ओबरॉय ने मंगलवार को दी।

उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार द्वारा संचालित स्कूल के शिक्षकों को शहर से बाहर प्रशिक्षण के लिए भेजा जाता है और एमसीडी उसी तर्ज पर योजना बना रही है।

महापौर ने यह टिप्पणी यहां आयोजित तीन दिवसीय विज्ञान प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के अवसर पर की।

ओबरॉय ने प्रदर्शनी में प्रदर्शित मॉडल को देखा और कहा कि एमसीडी के स्कूलों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और महज उन्हें सही दिशा देने की जरूरत है।

इस मौके पर महापौर ने कई शिक्षकों को सम्मानित भी किया।

दिल्ली की महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एमसीडी के स्कूल की अवसंरचना में सुधार के लिए 400 करोड़ रुपये जारी किए हैं, जिसका इस्तेमाल स्कूल इमारतों की मरम्मत, नयी स्कूल इमारतें बनाने, सुरक्षाकर्मियों की तैनाती के साथ-साथ स्कूल में डाटा एंट्री ऑपरेटर की भर्ती के लिए किया जाएगा।

ओबरॉय ने जोर देकर कहा कि एमसीडी अपने स्कूल में दिल्ली सरकार के शिक्षा मॉडल को लागू करेगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)