देश की खबरें | गुरुग्राम में मजार में लगाई गई आग, प्राथमिकी दर्ज

गुरूग्राम, सात अगस्त गुरुग्राम के एक गांव में कुछ अज्ञात लोगों ने सोमवार को तड़के एक मजार में आग लगा दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के मूल निवासी और मजार की देखरेख करने वाले घसीटे राम द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, रविवार रात साढे़ आठ बजे जब वह खांडसा गांव में मजार से फिरोज गांधी कॉलोनी स्थित अपने घर के लिए निकले तो सब कुछ सामान्य था।

उन्होंने सेक्टर 37 पुलिस थाने में दर्ज कराई गई शिकायत में कहा ‘‘रात लगभग एक बजकर 30 मिनट पर मुझे मजार के पास रहने वाले किसी व्यक्ति का फोन आया कि कुछ अज्ञात लोगों ने इसे आग लगा दी है।’’

उन्होंने बताया कि लोगों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया।

राम ने प्राथमिकी में कहा, "लेकिन जब मैंने वहां जाकर देखा, तो मजार में चढ़ाई गई सामग्री जल चुकी थी। मुझे पता चला है कि पाचं-छह युवा वहां इकट्ठे हुए और मजार में आग लगा दी।"

उन्होंने कहा कि इससे लोगों की आस्था को ठेस पहुंची है और समाज में दंगे हो सकते हैं। उन्होंने मांग की कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

राम ने कहा कि वह करीब सात साल से मजार की देखरेख का काम कर रहे हैं और उन्होंने सभी धर्मों के लोगों को वहां श्रद्धा सुमन अर्पित करते देखा है।

उन्होंने सोमवार को सुबह पीटीआई को बताया ‘‘ यह पीर बाबा की दशकों पुरानी मजार है और सभी ग्रामीण यहां आस्था से नमन करते हैं। हो सकता है कि कुछ बाहरी लोगों ने मजार में आग लगाई हो।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)