देश की खबरें | हो सकता है कि गौरव को फंसाया गया, मुझे उनसे सहानुभूति है: हिमंत विश्व शर्मा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस नेता गौरव गोगोई की ब्रिटिश पत्नी से जुड़े विवाद को लेकर गोगोई के खिलाफ अपना रुख नरम करते हुए असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने रविवार को कहा कि विपक्षी नेता को एक बड़ी ‘‘भारत विरोधी’’ साजिश के तहत ‘‘फंसाया या ब्लैकमेल’’ किया गया हो सकता है।

गुवाहाटी, 16 फरवरी कांग्रेस नेता गौरव गोगोई की ब्रिटिश पत्नी से जुड़े विवाद को लेकर गोगोई के खिलाफ अपना रुख नरम करते हुए असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने रविवार को कहा कि विपक्षी नेता को एक बड़ी ‘‘भारत विरोधी’’ साजिश के तहत ‘‘फंसाया या ब्लैकमेल’’ किया गया हो सकता है।

शर्मा ने एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में गोगोई के प्रति सहानुभूति जताते हुए कहा कि नए सबूत सामने आने के बाद यह मामला राजनीति से आगे निकल गया है और अब यह पूरी तरह से राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा हुआ है।

इससे पहले, गोगोई की पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न से जुड़े विवाद को लेकर कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई के कानूनी कदम उठाने की योजना का स्वागत करते हुए शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार भी कानूनी कार्यवाही शुरू कर रही है।

शर्मा ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमने एक सांसद के बारे में इस विषय पर चर्चा शुरू की थी, लेकिन अब यह बहुत उच्च स्तर पर पहुंच गया है। यह अब गौरव गोगोई से संबंधित नहीं है। अब हमारे पास इस बात के सबूत या जानकारी है कि इसके पीछे भारत विरोधी ताकत सक्रिय रूप से काम कर रही है। हम आज मंत्रिमंडल की बैठक में इस पर फैसला करेंगे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अब ऐसा लग रहा है कि गौरव गोगोई पूरी व्यवस्था में सिर्फ़ एक अभिनेता हैं, वह निर्देशक नहीं हैं। हो सकता है कि उन्हें अनजाने में फंसाया गया हो। इसलिए हम इस मामले की सहानुभूतिपूर्ण नजरिए से जांच कराएंगे। हम इस समय उन पर आरोप नहीं लगाना चाहते।’’

शर्मा ने कहा, ‘‘जिस तरह से लंदन, अमेरिका और इस्लामाबाद इसमें शामिल हैं, हो सकता है उन्हें ब्लैकमेल किया गया हो? इसलिए, पूरे विषय की गंभीर गहन जांच की आवश्यकता है।’’

गोगोई द्वारा फेसबुक पर कोलबर्न को लिखे गए पत्र और उनके द्वारा पारंपरिक असमिया पोशाक पहनकर बिहू गीत गाने के बारे में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में आने वाले पर्यटक भी बिहू गीत गाएंगे, यदि उन्हें मेखला-चादोर (महिलाओं की पारंपरिक पोशाक) पहनाई जाए।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे गोगोई से सहानुभूति है। किसी ने उन्हें फंसाया होगा। शुरू में मुझे लगा कि शायद उन्होंने ही यह किया है। लेकिन जब मुझे पूरी तस्वीर पता चली, जिसमें कुछ बड़े नाम शामिल हैं, तो मुझे सहानुभूति हुई।’’

शर्मा ने कहा, ‘‘मैं कांग्रेस की असम इकाई के प्रमुख भूपेन बोरा को भी सभी दस्तावेज सौंपूंगा, ताकि वह स्वयं तथ्यों की पुष्टि कर सकें। शायद, कांग्रेस को पूरी तस्वीर का पता नहीं है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘जब मामले की जांच होगी, तो मैं बोरा को एक पत्र लिखकर उन्हें मामले की पृष्ठभूमि और मामले को आगे बढ़ाने के हमारे फैसले के पीछे के कारणों के बारे में बताऊंगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं जो पत्र प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को दूंगा, वह कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे और बोरा को भी दिया जाएगा। यह राष्ट्रीय सुरक्षा का मामला है।’’

शर्मा ने कोलबर्न की नागरिकता का हवाला देते हुए पिछले सप्ताह इस मुद्दे पर गोगोई पर निशाना साधा था और ‘‘पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई से संबंध, युवाओं को कट्टरपंथी बनाने के लिए पाकिस्तानी दूतावास में ले जाने, तथा पिछले 12 वर्षों से भारतीय नागरिकता लेने से इनकार करने’’ के आरोपों के बारे में जवाब मांगा था।

शर्मा ने यह भी आरोप लगाया था कि गोगोई ने ब्रिटिश नागरिक से विवाह के बाद संसद में संवेदनशील रक्षा मामलों पर सवाल उठाए थे, जिसे विपक्षी नेता ने ‘‘झूठा आरोप’’ करार दिया।

शर्मा ने बिना विस्तार से बताए दावा किया कि गोगोई के पिता और पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई ने भी कई चीजों का विरोध किया था। उन्होंने कहा, ‘‘मैं व्यक्तिगत बातें नहीं कहना चाहता, लेकिन गोगोई ने एक साक्षात्कार में इस व्यवस्था का विरोध किया था। वह एक वरिष्ठ राजनेता थे और बहुत सी चीजों को समझते थे। मुझे लगता है कि हमें पूरे विषय के निहितार्थों को देखना चाहिए।’’

असम के मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘पाकिस्तान के एक मंत्री द्वारा असम के विदेशियों के मुद्दे पर ट्वीट करने का क्या मतलब था? और उस ट्वीट को असम के व्यक्ति से जोड़ने का क्या तर्क था? जब मैंने उस व्यक्ति के बारे में पता लगाया, तो पाया कि वह आईएसआई से जुड़ा एक महत्वपूर्ण शख्स है।’’

एक पूर्व पाकिस्तानी राजनयिक के साथ गोगोई की तस्वीर का जिक्र करते हुए शर्मा ने कहा कि गोगोई ने स्वीकार किया कि वह पाकिस्तानी दूतावास गए थे, जबकि उनके समर्थकों ने दावा किया है कि तस्वीर से छेड़छाड़ की गई है।

इससे पूर्व शर्मा ने इस मुद्दे पर कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश के एक पोस्ट का जवाब दिया और विपक्षी पार्टी को "2014 के बाद से मिली अपमानजनक हार" की याद दिलाई।

रमेश ने अपने पोस्ट में 2026 की शुरुआत में होने वाले असम विधानसभा चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि करीब 12 महीनों में राज्य के लोग उन्हें (शर्मा) पूर्व मुख्यमंत्री बना देंगे और उनकी पार्टी को विपक्ष में बैठा देंगे।

शर्मा ने जवाब दिया, ‘‘पूर्व और वर्तमान मुख्यमंत्री कौन होगा, इसका फैसला असम की जनता करेगी, आप नहीं। मैं आपको 2014 के बाद से कांग्रेस को मिली अपमानजनक हार की याद नहीं दिलाना चाहता।’’

शर्मा ने गोगोई पर निशाना साधते हुए शनिवार को कहा कि कांग्रेस सांसद की पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न के पाकिस्तान के साथ संबंधों के सिलसिले में मामला दर्ज किया जा सकता है और उसकी जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया जाएगा।

इन आरोपों पर जवाब देते हुए रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘असम के मुख्यमंत्री और भाजपा ने मेरे सहयोगी गौरव गोगोई को निशाना बनाकर दुष्प्रचार अभियान शुरू किया है। यह सरासर चरित्र हनन का प्रयास है। तुरंत कानूनी कार्रवाई शुरू की जा रही है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

Zimbabwe vs West Indies, T20 World Cup 2026 44th Match Weather Update: जिम्बाब्वे बनाम वेस्टइंडीज मुकाबले में बारिश डालेगी खलल या फैंस उठाएंगे पूरे मैच का लुफ्त? यहां जानें मुंबई के मौसम का हाल

India vs South Africa, T20 World Cup 2026 43rd Match Scorecard: अहमदाबाद में दक्षिण अफ्रीका ने टीम इंडिया 76 रनों से दी करारी शिकस्त, मार्को जानसन ने चटकाए 4 विकेट; यहां देखें IND बनाम SA मैच का स्कोरकार्ड

Zimbabwe vs West Indies T20 World Cup Stats: टी20 वर्ल्ड कप में एक दूसरे के खिलाफ कुछ ऐसा रहा है जिम्बाब्वे बनाम वेस्टइंडीज का प्रदर्शन, यहां देखें आंकड़े

India vs South Africa, T20 World Cup 2026 43rd Match Scorecard: अहमदाबाद में दक्षिण अफ्रीका ने टीम इंडिया के सामने रखा 188 रनों का लक्ष्य, डेविड मिलर ने खेली धमाकेदार पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

\