देश की खबरें | ग्रेटर नोएडा की सोसाइटी में पानी पीने से कई लोग बीमार, पानी प्रदूषित होने की आशंका
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. (फोटो के साथ)
(फोटो के साथ)
नोएडा (उत्तर प्रदेश), तीन सितंबर ग्रेटर नोएडा में बिसरख थाना क्षेत्र स्थित एक सोसाइटी में कथित तौर पर टंकी का पानी पीने से कई लोग बीमार पड़ गए, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि ईकोविलेज-2 सोसाइटी के निवासियों के अनुसार रविवार की रात से लोगों की तबीयत खराब होनी शुरू हो गई, जिन्होंने पेट में दर्द और उल्टी दस्त की शिकायत की।
उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है।
पुलिस के प्रवक्ता ने कहा कि ईकोविलेज-2 सोसाइटी में 50 से ज्यादा लोगों के बीमार होने की सूचना मिली है। सोसाइटी के निवासियों का दावा है कि अब तक करीब 200 से अधिक लोग बीमार हो चुके हैं और आशंका है कि वे प्रदूषित पानी के कारण बीमार हुए हैं। बीमार लोगों में बच्चे भी शामिल हैं।
घटना के बाद बीमार पड़े सोसाइटी के कई निवासियों का उपचार करने वाले एक स्थानीय चिकित्सक ने मरीजों में संक्रमण की पुष्टि की।
प्रवक्ता ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि जिस पानी की टंकी से सोसाइटी के घरों में पानी की आपूर्ति होती थी, दो दिन पूर्व ही उसकी सफाई हुई थी जिसके बाद ही पानी के दूषित होने की शिकायत सामने आई। निवासियों का आरोप है कि पानी की टंकी की सफाई करते समय रसायन का प्रयोग किया गया, जिसकी वजह से पानी दूषित हुआ।
उन्होंने बताया कि शिकायत मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सूचित किया गया और मौके पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी पहुंच गए हैं, जो आवश्यक कार्रवाई कर रहे हैं।
गौतम बुद्ध नगर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील शर्मा ने मंगलवार सुबह पीटीआई- को बताया, ‘‘शिकायत मिलने के बाद हमारी टीम अभी सोसाइटी में जांच कर रही है। सूचना मिलने पर स्वास्थ्य टीम ने बीती रात को भी सोसाइटी का दौरा किया था। मैंने टीम से रिपोर्ट भेजने का अनुरोध किया है और रिपोर्ट मिलने के बाद स्थिति और अधिक स्पष्ट हो जाएगी।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)