देश की खबरें | माणिक ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले के लिए टिपरा मोथा को दोषी ठहराया, सख्त कार्रवाई का किया वादा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने खोवाई जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं पर हुए हमले के लिए सहयोगी दल टिपरा मोथा को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि उन्होंने पुलिस को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।

अगरतला, 28 जुलाई त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने खोवाई जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं पर हुए हमले के लिए सहयोगी दल टिपरा मोथा को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि उन्होंने पुलिस को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।

साहा रविवार रात को सरकारी जी.बी. पंत अस्पताल गए, जहां उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से उनका हाल चाल जाना।

साहा ने सोशल मीडिया मंच ‘फेसबुक’ पर एक ‘पोस्ट’ में कहा, ‘‘आशारामबाड़ी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के दौरान टिपरा मोथा पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए हिंसक और अलोकतांत्रिक हमले की कड़ी निंदा करता हूं।’’

साहा ने कहा, ‘‘भाजपा के कई कार्यकर्ता घायल हुए हैं, जिसमें से तीन लोगों का जी बी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। मैंने अस्पताल का दौरा किया, चिकित्सकों को उन्हें सर्वोत्तम उपचार देने के निर्देश दिए हैं और पुलिस को अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आदेश दिया है। इस तरह की घिनौनी हरकतें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।’’

यह घटना चंपाहोवर पुलिस थाना क्षेत्र के सुदूर आदिवासी गांव पुरबा तकसैया के आशारामबाड़ी में रविवार सुबह हुई थी।

राज्य में भाजपा नीत सरकार में शामिल प्रद्योत देबबर्मा के नेतृत्व वाली टिपरा मोथा पार्टी ने इस घटना में अपनी संलिप्तता से इनकार किया है।

खोवाई कुडियारासु के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) ने ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘भाजपा कार्यकर्ताओं का एक समूह ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुनने के लिए एक मकान में एकत्र हुआ था। अचानक, कुछ बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। सभी को पास के एक स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया गया।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\