देश की खबरें | ममता बनर्जी ने जल परियोजना में देरी को लेकर बांकुडा के अधिकारियों को फटकार लगाई

बांकुड़ा (प.बंगाल), 31 मई पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को बांकुड़ा जिले के अधिकारियों को जिले में एक जल परियोजना को पूरा करने में हुई अत्याधिक देरी के लिए फटकार लगाई।

उन्होंने एक दिन पहले ही पुरुलिया जिले में सरकारी अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा था कि अगर वे किसी ‘‘गलत काम में ’’संलिप्त पाए गए तो उनके लिए कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यहां पर प्रशासनिक समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए बनर्जी ने कहा कि उनके कार्यालय को जिले में परियोजनाओं के पूरे नहीं होने की कई शिकायतें मिली हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे कुछ सरकारी कर्मचारियों की लापरवाही की वजह से परियोजनाएं अधूरी हैं। पिछले चार से पांच साल में कई काम हैं जो पूरे नहीं किए गए हैं। इन लापरवाही की वजह से आम लोग इन योजनाओं के लाभ से वंचित है। इसकी वजह से राज्य सरकार की साख भी खराब हुई है।’’

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘लोग जरूरी काम नहीं होने पर तृणमूल कांग्रेस को दोष देंगे। मुझे बताएं कि जल परियोजना क्यों गत आठ साल से लटकी है।’’

उन्होंने अधिकारियों को आगाह करते हुए कहा कि आगे गलती करने पर ‘‘ कान मरोड़ने’’की सजा का सामना करना होगा।

किसानों से खरीदे जा रहे धान और मंडी में जमा हो रहे धान में ‘‘विसंगति’’ की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘‘इसकी वजह से किसानों को कम पैसा मिल रहा है।’’

उन्होंने अधिकारियों को किसान मंडी में सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया।

बनर्जी ने कहा, ‘‘धान विक्रय मशीन की नियमित जांच करने की जरूरत है। अगर जरूरी हो तो आप (जिला प्रशासन) उन्हें कोलकाता से सत्यापित कराएं।’’

मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से भी ब्लॉक सहायता केंद्र पर लिखित में शिकायत देने का आह्वान किया और जिला अधिकारी और ब्लॉक विकास अधिकारी को उन्हें (शिकायतों को)हर सात दिन में एकत्र करने का निर्देश दिया।

निविदा प्रक्रिया में भाई-भतीजावाद के आरोपों पर बनर्जी ने जिला परिषद के अध्यक्ष को मामले पर संज्ञान लेने और एक सप्ताह में रिपोर्ट देने का निर्देश दिया।

उल्लेखनीय है कि बनर्जी ने सोमवार को ईंट भट्टा से प्राप्त राजस्व में ‘‘ अज्ञात संग्रह एजेंट’’ द्वारा हेराफेरी करने की शिकायत मिलने पर पुरुलिया के जिलाधिकारी राहुल मजूमदार को फटकार लगाई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)