देश की खबरें | महाराष्ट्र : कोंकण क्षेत्र और कुछ पश्चिमी जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मौसम विभाग ने रविवार को महाराष्ट्र के कोंकण क्षेत्र और कुछ पश्चिमी जिलों में अगले कुछ दिनों में ‘मूसलाधार बारिश’की चेतावनी जारी की।
मुंबई, 25 मई मौसम विभाग ने रविवार को महाराष्ट्र के कोंकण क्षेत्र और कुछ पश्चिमी जिलों में अगले कुछ दिनों में ‘मूसलाधार बारिश’की चेतावनी जारी की।
मानसून दक्षिणी महाराष्ट्र में पहुंच चुका है, मुंबई और कोंकण में मानसून-पूर्व वर्षा हो रही है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दोपहर को कोंकण के रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों के साथ-साथ सतारा और पुणे जिलों और कोल्हापुर जिले सहित उनके घाट (पहाड़ी) क्षेत्रों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया।
रायगढ़ के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ केवल 25 और 26 मई के लिए है, लेकिन रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों तथा सतारा, कोल्हापुर और पुणे के घाट क्षेत्रों के लिए यह अलर्ट पांच दिनों के लिए रहेगा।
आईएमडी ने कहा, ‘‘ कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश, गरज के साथ बिजली चमकने और 50-60 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना है।’’
मुंबई, ठाणे, पालघर सहित महाराष्ट्र के कई अन्य जिलों के लिए ‘येलो अलर्ट’ भी जारी किया गया है। इन जिलों में भारी बारिश और गरज के साथ बिजली चमकने और 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी)के एक अधिकारी ने बताया कि मुंबई शहर, उसके पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों में सुबह आठ बजे समाप्त हुए 24 घंटों में औसतन क्रमश: 37 मिमी, 15 मिमी और 18 मिमी बारिश दर्ज की गई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)