देश की खबरें | महाराष्ट्र : कराड की मां ने उनकी रिहाई के लिए धरना दिया, समर्थक टावर पर चढ़े
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के बीड जिले में जबरन वसूली के मामले के आरोपी वाल्मीक कराड की मां ने मंगलवार को एक पुलिस थाने के बाहर धरना देकर उसकी रिहाई की मांग की। कराड के कुछ समर्थक अपनी मांग को लेकर पत्थर के एक टॉवर पर चढ़ गए।
छत्रपति संभाजीनगर, 14 जनवरी महाराष्ट्र के बीड जिले में जबरन वसूली के मामले के आरोपी वाल्मीक कराड की मां ने मंगलवार को एक पुलिस थाने के बाहर धरना देकर उसकी रिहाई की मांग की। कराड के कुछ समर्थक अपनी मांग को लेकर पत्थर के एक टॉवर पर चढ़ गए।
वाल्मीक की मां पारुबाई कराड सुबह परली शहर पुलिस थाने के बाहर पहुंचीं और कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जातीं, वह वहां से नहीं जाएंगी।
महाराष्ट्र के मंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता धनंजय मुंडे के सहयोगी वाल्मीक कराड को बीड जिले के मासाजोग गांव के सरपंच संतोष देशमुख की हत्या से जुड़े जबरन वसूली के मामले में 31 दिसंबर 2024 को गिरफ्तार किया गया था।
पारुबाई ने पुलिस थाने के बाहर संवाददाताओं से कहा, ‘‘मेरे बेटे ने कुछ नहीं किया है और उसे रिहा किया जाना चाहिए। चाहे मेरी जान चली जाए, मैं यहां से नहीं उठूंगी।’’
अपने बेटे के खिलाफ दर्ज गंभीर अपराधों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘मुझे नहीं पता कि यह कौन कर रहा है, लेकिन यह सब फर्जी है।’’
पारुबाई ने यह भी आरोप लगाया कि बीड जिले से विधायक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सुरेश धस और राकांपा (शरदचंद्र पवार) के संदीप क्षीरसागर ने उनके बेटे को फंसाया है और उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
परली पुलिस थाने के प्रभारी ने टिप्पणी के लिए किए गए फोन कॉल का जवाब नहीं दिया।
पारुबाई जहां पुलिस थाने के बाहर बैठी रहीं, वहीं वाल्मीक के कुछ समर्थक परली शहर के रानी लक्ष्मीबाई चौक पर लगे सजावटी पत्थर के टावर पर चढ़ गए और उसकी रिहाई की मांग करते हुए धस और क्षीरसागर के खिलाफ नारेबाजी की।
बीड जिले के मासाजोग गांव के सरपंच संतोष देशमुख का नौ दिसंबर को अपहरण करने के बाद उन्हें प्रताड़ित किया गया फिर उनकी हत्या कर दी गई थी। प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि सरपंच ने क्षेत्र में पवनचक्की परियोजना संचालित करने वाली एक ऊर्जा कंपनी से जबरन वसूली की कोशिश को नाकाम करने का प्रयास किया था।
केज पुलिस ने अब तक हत्या के इस मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार है। पुलिस ने राज्य के मंत्री धनंजय देशमुख के सहयोगी वाल्मीक कराड को भी जबरन वसूली के एक मामले में गिरफ्तार किया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)