देश की खबरें | महाराष्ट्र : पत्नी की हत्या का आरोपी 33 साल बाद गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. नवी मुंबई पुलिस ने अपनी पत्नी की हत्या के आरोप में 33 साल से फरार एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

ठाणे (महाराष्ट्र), 24 दिसंबर नवी मुंबई पुलिस ने अपनी पत्नी की हत्या के आरोप में 33 साल से फरार एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि आरोपी बाबू गुडगीराम काले (70) को रविवार को पड़ोसी मुंबई के मुलुंड उपनगर के पास से गिरफ्तार किया गया, जहां वह मजदूरी करता था और आजीविका के लिए फूल बेचता था।

पनवेल टाउन थाने के वरिष्ठ निरीक्षक नितिन ठाकरे ने बताया कि मामला 28 जनवरी 1991 का है, जब काले ने अपनी पत्नी के साथ अक्सर होने वाले घरेलू विवादों के चलते नवी मुंबई के पनवेल इलाके में स्थित अपने घर में कथित तौर पर उस पर केरोसिन छिड़ककर आग लगा दी थी।

उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से झुलसी महिला की बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

अधिकारी ने बताया कि इसके बाद काले के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई और स्थानीय अदालत ने उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया।

काले हालांकि गिरफ्तारी से बचता रहा और तीन दशक से अधिक समय तक छिपा रहा।

पुलिस ने फरार आरोपी का पता लगाने के लिए कई सुराग, खुफिया और तकनीकी जानकारी का इस्तेमाल करते हुए उसका पीछा किया।

अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती सुरागों से पता चला कि वह मुंबई के मुलुंड इलाके में मौजूद है। लेकिन बाद में पुलिस महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र के परभणी पहुंची और काले के मोबाइल फोन डेटा तथा निगरानी के आधार पर आखिरकार मुंबई पहुंची।

उन्होंने बताया कि रविवार को जब पुलिस ने आरोपी को पकड़ा तो वह हैरान रह गया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद काले को स्थानीय मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे तीन जनवरी 2025 तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें