धार, 12 फरवरी मध्यप्रदेश के धार जिले में भोपाल गैस त्रासदी से जुड़े यूनियन कार्बाइड के कचरे के प्रस्तावित निपटान के विरोध में बुधवार को लोगों के एक समूह ने शवासन किया।
धार के औद्योगिक शहर पीथमपुर में भस्मीकरण के लिए भोपाल से 337 मीट्रिक टन कचरा लाया गया है।
पीथमपुर बचाओ समिति और पीथमपुर रक्षा समिति के सदस्यों तथा योग विशेषज्ञ प्रदीप दुबे सहित 12 लोगों ने विरोध-प्रदर्शन के तहत दोपहर के समय में बस स्टैंड पर शवासन किया।
दुबे ने संवाददाताओं से कहा, “मैं लंबे समय से योग से जुड़ा हुआ हूं। हमने महसूस किया कि शवासन शांतिपूर्ण तरीके से अपनी भावनाओं को व्यक्त करने का सबसे अच्छा तरीका है।”
उन्होंने कहा, “अधिकारियों को मामले को गंभीरता से लेना चाहिए और यूनियन कार्बाइड के कचरे के निपटान में जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए। कचरा निपटान योजना के कारण हर कोई डरा हुआ है। लोगों में किस कदर डर व्याप्त है, यही दिखाने के लिए हमने शवासन किया।”
पीथमपुर बचाओ समिति के अध्यक्ष डॉ. हेमंत हिरोले ने कहा कि पिछले महीने जब 12 कंटेनर कचरा लेकर पीथमपुर पहुंचे थे, तब से ही वे जन संवाद कर रहे हैं, लेकिन उन्हें अपने तकनीकी सवालों के जवाब नहीं मिले हैं।
उन्होंने कहा कि शवासन की योग मुद्रा के माध्यम से बुधवार का विरोध पीथमपुर के लोगों को संदेश था कि मामले को अदालत के सामने पेश किया जाना चाहिए।
जनवरी में धार जिला मुख्यालय से लगभग 50 किलोमीटर दूर पीथमपुर में विरोध-प्रदर्शन हुए थे, जब कचरे को जलाने के लिए उसे औद्योगिक शहर के एक निजी संयंत्र में लाया गया था। इस कदम का विरोध करने वालों का दावा है कि इससे स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य और पर्यावरण को नुकसान होगा।
इस बीच, स्थानीय प्रशासन ने कचरा निपटान के बारे में गलत धारणाओं को दूर करने के लिए गहन जागरूकता अभियान शुरू किया है।
राज्य सरकार के अनुसार, कचरे में मिट्टी, रिएक्टर अवशेष, सेविन (कीटनाशक) अवशेष, नेफ्थॉल अवशेष और अर्ध-प्रसंस्कृत अवशेष शामिल हैं।
मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने कहा है कि वैज्ञानिक साक्ष्य बताते हैं कि कचरे में सेविन और नेफ्थॉल के रासायनिक प्रभाव अब शून्य हो गए हैं।
दो और तीन दिसंबर 1984 की दरमियानी रात को भोपाल में यूनियन कार्बाइड कीटनाशक कारखाने से अत्यधिक जहरीली मिथाइल आइसोसाइनेट गैस का रिसाव हुआ था, जिससे कम से कम 5,479 लोगों की मौत हो गई और हजारों लोग गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के शिकार हो गए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY