देश की खबरें | मध्य प्रदेश: भाजपा के पूर्व विधायक गिरिजा शंकर शर्मा कांग्रेस में शामिल

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले से दो बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक रह चुके गिरिजा शंकर शर्मा रविवार को कांग्रेस में शामिल हो गए।

भोपाल, 10 सितंबर मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले से दो बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक रह चुके गिरिजा शंकर शर्मा रविवार को कांग्रेस में शामिल हो गए।

शर्मा (73) ने आज बड़ी संख्या में अपने समर्थकों के साथ यहां प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित एक समारोह में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की उपस्थिति में कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

उनके छोटे भाई सीताशरन शर्मा मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष रह चुके हैं और वह होशंगाबाद (पूर्व में इटारसी विधानसभा सीट) से वर्ष 2018 में पांचवीं बार भाजपा के विधायक बने हैं।

ठीक आठ दिन पहले भी एक विधायक और एक पूर्व विधायक सहित 10 भाजपा नेता राज्य में विपक्षी पार्टी कांग्रेस में शामिल हुए थे।

मध्य प्रदेश में इस साल के अंत से पहले विधानसभा चुनाव होने हैं।

पूर्व में होशंगाबाद का प्रतिनिधित्व कर चुके गिरिजा शंकर शर्मा ने नौ दिन पहले भाजपा से इस्तीफा दे दिया था, जिससे उनके कांग्रेस खेमे में जाने की अटकलें तेज हो गई थीं।

गिरिजाशंकर शर्मा के अलावा, टीकमगढ़ के भक्ति तिवारी ने भी आज भाजपा छोड़ कर कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

इस अवसर पर कमलनाथ ने कहा कि ये दोनों नेता भाजपा की जनविरोधी नीतियों, भाजपा राज में प्रदेश में व्याप्त भ्रष्टाचार और हर वर्ग पर हो रहे अत्याचारों से त्रस्त होकर जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ने कांग्रेस में शामिल हुये हैं।

गिरजाशंकर शर्मा ने कहा, ‘‘भाजपा में दरी बिछाने वाले नहीं होते थे, तब से आज तक वर्षों भाजपा का काम किया, लेकिन आज भाजपा में दुर्व्यवस्था पनप रही है। जनता की भावनाओं पर कुठाराघात किया जा रहा है। भाजपा में लोकतंत्र की हत्या की जा रही है और जी हजूरी प्रथा चल रही है। जनविरोधी नीतियों से प्रदेश की जनता त्रस्त है, सम्मान देने वाले व्यक्ति का अपमान किया जा रहा है और चापलूसों को तबज्जों दी जा रही है।’’

भक्ति तिवारी ने कहा, ‘‘मैं कांग्रेस पार्टी का कर्मठ सिपाही हूं। रास्ता भटक गया था। मुझे गलती का एहसास हो गया है और मैंने घर वापसी की है। मुझे जो भी जिम्मेदारी पार्टी सौंपेगी, उस पर पूरी तरह खरा उतरूंगा।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें