देश की खबरें | लोस चुनाव दूसरा चरण: राहुल और थरूर मैदान में, हेमा मालिनी व ओम बिड़ला को तीसरी बार जीत की उम्मीद

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और शशि थरूर तथा अभिनेता से नेता बने भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी अरुण गोविल प्रमुख उम्मीदवारों में से हैं। इसके साथ ही भाजपा की हेमा मालिनी, ओम बिड़ला और गजेंद्र सिंह शेखावत अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्र से लगातार तीसरी बार जीत दर्ज कराने के लिए पूरी कोशिश कर रहे हैं।

नयी दिल्ली, 25 अप्रैल लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और शशि थरूर तथा अभिनेता से नेता बने भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी अरुण गोविल प्रमुख उम्मीदवारों में से हैं। इसके साथ ही भाजपा की हेमा मालिनी, ओम बिड़ला और गजेंद्र सिंह शेखावत अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्र से लगातार तीसरी बार जीत दर्ज कराने के लिए पूरी कोशिश कर रहे हैं।

लोकसभा चुनाव सात चरणों में होने हैं। प्रथम चरण के तहत गत शुक्रवार को 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 102 सीटों पर मतदान हुआ, जिसमें मतदान प्रतिशत लगभग 65.5 रहा।

चुनाव के दूसरे चरण के तहत शुक्रवार को केरल की सभी 20 सीट, कर्नाटक की 28 में से 14 सीट, राजस्थान की 13 सीट, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश की आठ-आठ सीट, मध्य प्रदेश की सात सीट, असम और बिहार में पांच-पांच सीट, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल की तीन-तीन सीट और मणिपुर, त्रिपुरा तथा जम्मू-कश्मीर में एक-एक सीट पर मतदान होना है।

राहुल गांधी केरल के वायनाड से सांसद हैं और फिर से यहीं से चुनाव लड़ रहे हैं। उनका मुकाबला भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) की एनी राजा और भाजपा के के. सुरेंद्रन से है। वर्ष 2019 के चुनाव में गांधी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाकपा के पी.पी. सुनीर के खिलाफ सात लाख से अधिक मतों के बड़े अंतर से जीत हासिल की थी।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शशि थरूर को उम्मीद है कि वह चौथी बार तिरुवनंतपुरम सीट पर जीत बरकरार रख पाएंगे। उनका मुकाबला भाजपा के केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर और भाकपा के पन्नियन रवींद्रन से है।

वर्ष 2014 से लगातार मथुरा निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करती आ रहीं हेमा मालिनी का मुकाबला कांग्रेस के मुकेश धनगर से है और जबकि कोटा से दो बार सांसद चुने गए ओम बिड़ला कांग्रेस पार्टी के प्रह्लाद गुंजल के खिलाफ मैदान में हैं।

जोधपुर सीट से लगातार तीसरी बार जीत हासिल करने के प्रयास में जुटे केंद्रीय मंत्री शेखावत के सामने कांग्रेस की तरफ करण सिंह उचियारड़ा खड़े हैं।

बेंगलुरू दक्षिण से निवर्तमान सांसद एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या का मुकाबला कांग्रेस की सौम्या रेड्डी से होगा।

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता भूपेश बघेल 30 साल से अधिक समय से भाजपा का गढ़ रहे राजनांदगांव से चुनाव लड़ रहे हैं। उनका मुकाबला भाजपा के संतोष पांडे से है। पांडे ने 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा की तरफ से जीत हासिल की थी।

रामायण धारावाहिक में भगवान राम का किरदार निभाकर प्रसिद्ध हुए अरुण गोविल मेरठ लोकसभा सीट से भाजपा के प्रत्याशी हैं। उन्हें पार्टी ने तीन बार के सांसद राजेंद्र अग्रवाल की जगह टिकट दिया है। गोविल का मुकाबला बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के देवव्रत कुमार त्यागी और समाजवादी पार्टी (सपा) की सुनीता वर्मा से है।

मध्य प्रदेश की टीकमगढ़ सीट से चौथी बार जीत की उम्मीद लगा रहे भाजपा नेता वीरेंद्र कुमार खटीक के सामने कांग्रेस की तरफ से नए चेहरे पंकज अहिरवार मैदान में हैं। वर्ष 2019 में खटीक ने कांग्रेस की किरण अहिरवार को 3.48 लाख से अधिक मतों के अंतर से हराया था।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव के.सी. वेणुगोपाल 2014 के बाद लोकसभा चुनाव के मैदान में वापसी कर रहे हैं और केरल की अलाप्पुझा सीट से उम्मीदवार है। इस सीट पर जीत हासिल करना कांग्रेस के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई बन गया है।

वर्ष 2019 के चुनाव में कांग्रेस ने केरल की 20 में से 19 सीट पर जीत हासिल की थी, एक सीट मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेतृत्व वाले वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) ने अपने नाम की थी। कांग्रेस इस सीट पर भी जीत हासिल करना चाहती है।

वेणुगोपाल अपने राजनीतिक करियर में कोई बड़ा चुनाव नहीं हारे हैं। उन्होंने 1996, 2001 और 2006 में लगातार तीन बार अलाप्पुझा विधानसभा सीट जीती और 2009 और 2014 में अलाप्पुझा से लोकसभा के लिए चुने गए। वर्ष 2019 में, पार्टी द्वारा उन्हें एआईसीसी का महासचिव बनाए जाने के बाद उन्होंने चुनाव नहीं लड़ा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

Satta Bazar Mein Aaj Kaunsi Team Favourite? बेंगलुरु में भारत बनाम वेस्टइंडीज के बीच निर्णायक पांचवें टी20 मुकाबले को लेकर सट्टा बाजार का माहौल गर्म, मैच के दिन ये टीम बनी फेवरेट

India vs West Indies 5th T20I Match Toss Winner Prediction: बेंगलुरु में टीम इंडिया बनाम वेस्टइंडीज के बीच कौन होगा टॉस का बॉस? मैच से पहले जानें किस टीम का पलड़ा है भारी

Team India T20I Stats at M Chinnaswamy Stadium: बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में कैसा है टीम इंडिया का टी20 रिकॉर्ड, यहां किसने बनाए सबसे ज्यादा रन और किसके नाम हैं सर्वाधिक विकेट

Bhuvneshwar Kumar T20 Stats at M Chinnaswamy Stadium: चिन्नास्वामी स्टेडियम में कुछ ऐसा रहा है भुवनेश्वर कुमार का प्रदर्शन, एक क्लिक पर देखें अनुभवी तेज गेंदबाज के आंकड़े