चंडीगढ़, 14 मार्च आम आदमी पार्टी (आप) ने बृहस्पतिवार को लोकसभा चुनाव के लिए पंजाब में आठ उम्मीदवारों की पहली सूची घोषित की।
पार्टी ने पांच कैबिनेट मंत्रियों को मैदान में उतारा है, जबकि कांग्रेस के एक पूर्व विधायक और एक पंजाबी अभिनेता को भी टिकट दिया है।
आप के राष्ट्रीय महासचिव संदीप पाठक ने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की।
पार्टी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आम आदमी पार्टी गर्व से पंजाब में आगामी लोकसभा चुनाव 2024 के लिए अपने उम्मीदवारों का नाम घोषित करती है।’’
सूची के मुताबिक, पंजाब के कैबिनेट मंत्रियों - कुलदीप सिंह धालीवाल को अमृतसर सीट से, लालजीत सिंह भुल्लर को खडूर साहिब से, गुरुमीत सिंह खुदियां को बठिंडा से, गुरुमीत सिंह मीत हेयर को संगरूर से और बलबीर सिंह को पटियाला लोकसभा सीट से मैदान में उतारा गया है।
धालीवाल, भुल्लर, खुदियां और बलबीर सिंह क्रमशः अजनाला(अमृतसर), पट्टी (तरनतारन), लांबी (मुक्तसर) और पटियाला ग्रामीण(पटियाला) से पहली बार विधायक निर्वाचित हुए।
मान सरकार में एनआरआई मामलों और प्रशासकीय सुधार विभाग के मंत्री धालीवाल ने 2019 का लोकसभा चुनाव अमृतसर सीट से लड़ा था, लेकिन वे हार गए थे।
मान सरकार में भुल्लर के पास परिवहन विभाग जबकि खुदियां के पास कृषि विभाग है।
खेल और युवा मामलों, जल संसाधन और विज्ञान एवं तकनीकी विभाग के मंत्री हेयर ने संगरूर से चुनाव मैदान में उतारे जाने को लेकर पार्टी नेतृत्व का धन्यवाद जताया। इस सीट पर भगवंत मान ने 2014 और 2019 में इस पर जीत दर्ज की थी।
जालंधर से सांसद सुशील रिंकू एक बार फिर इसी सीट से उम्मीदवार बनाए गए हैं।
पार्टी ने गुरप्रीत सिंह जीपी को फतेहगढ़ साहिब लोकसभा सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है। बस्सी पठाना सीट से कांग्रेस के पूर्व विधायक सिंह हाल में आप में शामिल हुए थे।
लोकप्रिय पंजाबी अभिनेता और गायक करमजीत अनमोल को फरीदकोट सीट से आप ने उम्मीदवार बनाया है। अनमोल को मुख्यमंत्री मान का करीबी माना जाता है। 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने मान के साथ चुनाव प्रचार किया था।
विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ में शामिल आप पंजाब में अकेले चुनाव लड़ रही है। पंजाब में लोकसभा की 13 सीटें हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY