ताजा खबरें | लोकसभा चुनाव: तेलंगाना में शाम पांच बजे तक 61.16 प्रतिशत मतदान
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. तेलंगाना में सोमवार को 17 लोकसभा सीट पर सोमवार शाम पांच बजे तक 61.16 प्रतिशत मतदान हुआ। निर्वाचन आयोग ने यह जानकारी दी।
हैदराबाद, 13 मई तेलंगाना में सोमवार को 17 लोकसभा सीट पर सोमवार शाम पांच बजे तक 61.16 प्रतिशत मतदान हुआ। निर्वाचन आयोग ने यह जानकारी दी।
राज्य में मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ।
भोंगिर लोकसभा सीट पर सबसे अधिक 72.34 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि हैदराबाद संसदीय क्षेत्र में सबसे कम 39.17 प्रतिशत मतदान हुआ।
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) विकास राज ने कहा कि जो शिकायतें मिली हैं, उनकी जांच जारी है।
इस बीच, हैदराबाद के जिलाधिकारी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा कि भाजपा की उम्मीदवार माधवी लता के खिलाफ मलकापेट थाने में भारतीय दंड संहिता और जन प्रतिनिधित्व अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
आरोप है कि उन्होंने एक महिला मतदाता से बुर्का उठाने के लिए कहकर उसकी पहचान की जांच की।
मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने विकाराबाद जिले के अपने विधानसभा क्षेत्र कोडंगल में अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के चंद्रशेखर राव ने सिद्दीपेट जिले के अपने पैतृक गांव चिंतामडका में मतदान किया।
पूर्व उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष जी किशन रेड्डी, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी, फिल्म अभिनेता चिरंजीवी, अल्लू अर्जुन और जूनियर एनटीआर ने सुबह के समय मतदान किया।
भाजपा महासचिव बंदी संजय कुमार और हैदराबाद लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार के माधवी लता ने भी अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
इस बीच, सिकंदराबाद छावनी विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए भी मतदान जारी है। कुछ महीने पहले एक सड़क दुर्घटना में मौजूदा बीआरएस विधायक जी. लस्या नंदिता की मृत्यु के कारण उपचुनाव हो रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)