देश की खबरें | महाराष्ट्र की तरह मप्र में भी मतदाता सूची में हो सकती है छेड़छाड़ : राहुल गांधी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को कांग्रेस नेताओं को आगाह किया कि 2028 के मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची में संभवतः छेड़छाड़ हो सकती है।

मांडू (मप्र), 21 जुलाई लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को कांग्रेस नेताओं को आगाह किया कि 2028 के मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची में संभवतः छेड़छाड़ हो सकती है।

राहुल ने पिछले साल महाराष्ट्र में ऐसा होने का दावा किया था। महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव में खराब प्रदर्शन के कुछ महीनों बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन ने बड़ी जीत हासिल की थी।

कांग्रेस नेता ने वीडियो लिंक के माध्यम से मध्यप्रदेश के पार्टी विधायकों के लिए धार जिले के मांडू में शुरू हुए दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर को संबोधित करते हुए यह बात कही।

उन्होंने कहा, "मतदाता सूची में हेराफेरी, जैसा महाराष्ट्र में हुआ, वैसा ही मध्यप्रदेश में भी हो सकता है।"

राहुल ने कहा कि अगर कांग्रेस मध्यप्रदेश में सत्ता में आती है तो वह जाति जनगणना कराएगी और सरकारी नौकरियों में दलितों, पिछड़े वर्गों, आदिवासियों और महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ाएगी।

कांग्रेस सांसद ने आरोप लगाया कि भाजपा पूरे देश में नफरत फैला रही है।

उन्होंने दावा किया कि देश की अर्थव्यवस्था को कुछ उद्योगपतियों के हाथों में केंद्रित कर दिया गया है और इससे व्यापक संकट पैदा हो रहा है।

गांधी ने पार्टी नेताओं से चुनावी सफलता सुनिश्चित करने के लिए जमीनी स्तर पर तैयारी तेज करने का आग्रह किया।

इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मध्यप्रदेश के प्रभारी और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव हरीश चौधरी ने कहा कि आगामी चुनावों में कृत्रिम मेधा (एआई) की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।

चौधरी ने पार्टी को अपनी डिजिटल और सोशल मीडिया उपस्थिति को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

कांग्रेस महासचिव ने कहा, "हमें यह मानसिकता छोड़नी चाहिए कि संगठन को हमारी व्यक्तिगत प्राथमिकताओं के अनुसार काम करना चाहिए। बदलाव जरूरी है। जाति जनगणना में राहुल गांधी का महत्वपूर्ण योगदान है।"

राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता उमंग सिंघार ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार घोटालों में उलझी हुई है।

सिंघार ने कहा, "किसान खाद पाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। इस आयोजन का उद्देश्य महिलाओं, युवाओं, गरीबों, आदिवासियों और राज्य के सभी नागरिकों के लिए न्याय सुनिश्चित करना है।"

प्रदेश कांग्रेस प्रमुख जीतू पटवारी ने कहा कि 2028 के चुनाव से पहले की अवधि एक "परीक्षा है जिसे हमें पास करना चाहिए"।

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सभा को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा शासन में युवा और किसान गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहे हैं।

कमलनाथ ने कहा, ''निवेश मांग का अनुसरण करता है, आकर्षण का नहीं। मध्यप्रदेश में निवेश लाना आज सबसे बड़ी चुनौती है।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\