देश की खबरें | मुंबई-पुणे एक्सप्रेस-वे से भूस्खलन का मलबा हटाया, एक लेन अब भी बंद

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मुंबई-पुणे एक्सप्रेस-वे पर कामशेत सुरंग के पास भूस्खलन के कुछ ही घंटों बाद बृहस्पतिवार को देर रात तक मलबा हटा दिया गया, लेकिन मुंबई की ओर जाने वाली तीन लेन में से एक लेन यातायात के लिए अब भी बंद है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

मुंबई, 27 जुलाई मुंबई-पुणे एक्सप्रेस-वे पर कामशेत सुरंग के पास भूस्खलन के कुछ ही घंटों बाद बृहस्पतिवार को देर रात तक मलबा हटा दिया गया, लेकिन मुंबई की ओर जाने वाली तीन लेन में से एक लेन यातायात के लिए अब भी बंद है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे भूस्खलन के कारण एक्सप्रेस-वे पर मुंबई की ओर जाने वाला यातायात प्रभावित हो गया था।

मलबा और कीचड़ हटाने के लिए तीन लेन में से एक को बंद किया गया था। अधिकारी ने बताया कि बाद में एक और लेन बंद कर दी गई।

राजमार्ग पुलिस के एक कर्मचारी ने कहा, ‘‘बृहस्पतिवार को देर रात दो बजे तक भूस्खलन से बिखरा मलबा हटा दिया गया, लेकिन चूंकि अभी भी मिट्टी गिर रही है, इसलिए एक टीम निरीक्षण करेगी। यही वजह है कि एक लेन यातायात के लिए बंद है, जबकि दो अन्य चालू हैं। ’’

एक्सप्रेस-वे पर अदोशी सुरंग के पास पहाड़ियों से गिरे पत्थरों और चट्टानों को हटाने के लिए मुंबई जाने वाले वाहनों की आवाजाही बृहस्पतिवार को भी दो घंटे से अधिक समय तक बंद रही थी।

महाराष्ट्र के दो प्रमुख शहर मुंबई और पुणे को जोड़ने वाला 95 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेस-वे सह्याद्रि पर्वत श्रृंखला से होकर गुजरता है और इसके रास्ते में कई सुरंग हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\