देश की खबरें | कुमार सानू, शैलेंद्र सिंह और आनंद-मिलिंद लता मंगेशकर सम्मान से नवाजे गए

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मध्यप्रदेश सरकार ने सुरों की मलिका लता मंगेशकर की जयंती पर बुधवार को उनकी जन्मस्थली इंदौर में दो पार्श्व गायकों-कुमार सानू एवं शैलेंद्र सिंह और संगीतकार जोड़ी आनंद-मिलिंद को राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान के सालाना अलंकरण से नवाजा।

इंदौर, 28 सितंबर मध्यप्रदेश सरकार ने सुरों की मलिका लता मंगेशकर की जयंती पर बुधवार को उनकी जन्मस्थली इंदौर में दो पार्श्व गायकों-कुमार सानू एवं शैलेंद्र सिंह और संगीतकार जोड़ी आनंद-मिलिंद को राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान के सालाना अलंकरण से नवाजा।

राज्य की संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर ने एक भव्य समारोह में सिंह, आनंद-मिलिंद और कुमार सानू को क्रमशः 2019, 2020 और 2021 का राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान प्रदान किया।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने समारोह के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए कहा कि मंगेशकर के बिना भारत अधूरा है और देश के इतिहास में वह एक महान अध्याय के रूप में दर्ज हैं।

चौहान ने इस मौके पर घोषणा भी की कि मंगेशकर की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए उनकी जन्मस्थली इंदौर में संगीत महाविद्यालय, संगीत अकादमी तथा संग्रहालय स्थापित किया जाएगा और शहर में उनकी मूर्ति लगाई जाएगी।

मंगेशकर का जन्म इंदौर में 28 सितंबर, 1929 को हुआ था और उन्होंने मुंबई में छह फरवरी, 2022 को आखिरी सांस ली थी।

वर्ष 1984 में स्थापित राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान, सुगम संगीत के क्षेत्र में कलात्मक श्रेष्ठता को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश के संस्कृति विभाग का दिया जाने वाला सालाना अलंकरण है। इससे सम्मानित कलाकार को दो लाख रुपये की राशि और प्रशस्ति पट्टिका भेंट की जाती है।

गुजरे बरसों में नौशाद, किशोर कुमार और आशा भोंसले सरीखी हस्तियों को भी इस सम्मान से नवाजा जा चुका है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\