देश की खबरें | कोलकाता कॉलेज सामूहिक दुष्कर्म: डॉक्टरों को मुख्य आरोपी के शरीर पर नाखून से खरोंच के निशान मिले

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कोलकाता के एक विधि महाविद्यालय में छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी मनोजीत मिश्रा के शरीर पर डॉक्टरों को खरोंच के निशान मिले हैं। एक उच्च पदस्थ पुलिस सूत्र ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

कोलकाता, एक जुलाई कोलकाता के एक विधि महाविद्यालय में छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी मनोजीत मिश्रा के शरीर पर डॉक्टरों को खरोंच के निशान मिले हैं। एक उच्च पदस्थ पुलिस सूत्र ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि नाखूनों के निशान कथित यौन उत्पीड़न के दौरान पीड़िता द्वारा किए गए प्रतिरोध का संकेत देते हैं। यह घटना 25 जून की शाम को ‘साउथ कलकत्ता लॉ कॉलेज’ में एक सुरक्षा गार्ड के कमरे के अंदर हुई थी।

अधिकारी ने कहा, “मनोजीत के शरीर पर चोटों के निशान हैं, खरोंच के निशान हैं। ये चोटें ताज़ा हैं। ऐसी चोटें तब लगती हैं जब कोई संघर्ष या प्रतिरोध का सामना करता है।”

फोन कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) की जांच करने पर कोलकाता पुलिस के नौ सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) को अपराध के अगले दिन सुबह मनोजीत और कॉलेज की उप-प्राचार्य डॉ. नयना चटर्जी के बीच हुई बातचीत के साक्ष्य भी मिले।

आईपीएस अधिकारी ने कहा, “गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों के मोबाइल फोन की सीडीआर की जांच की गई। हमने पाया कि वारदात के अगले दिन सुबह मनोजीत के नंबर से कॉलेज की उप-प्राचार्य को कॉल की गई थी। हमने उनकी बातचीत का ब्यौरा जानने के लिए कल से दो बार उप-प्राचार्य से पूछताछ की है।”

उन्होंने कहा कि दोनों के बीच टेलीफोन पर हुई बातचीत का पूरा ब्यौरा जानने के प्रयास जारी हैं।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने एक दवा दुकान की सीसीटीवी फुटेज भी जब्त कर ली है, जहां से गिरफ्तार आरोपियों में से एक ने परिसर में पीड़िता के साथ हुई यातना के दौरान उसके लिए इनहेलर खरीदा था।

उन्होंने कहा, “जैब अहमद इनहेलर लेने के लिए दवा की दुकान पर गया था। फार्मेसी के मालिक ने बताया कि जैब आधा भुगतान नकद और बाकी यूपीआई के जरिए करना चाहता था, जिस पर हम सहमत नहीं थे। इसके बाद आरोपी ने पूरा भुगतान ऑनलाइन किया। हमने उनके बयान को नोट कर लिया है।”

‘पीटीआई-’ ने पहले बताया था कि पीड़िता ने अपनी शिकायत में कहा था कि यातना के दौरान बीमार पड़ने पर उसने हमलावरों से अस्पताल ले जाने का अनुरोध किया था। लेकिन जब उसका अनुरोध नहीं माना गया तो उसने उनसे सांस लेने में तकलीफ से राहत के लिए इनहेलर मुहैया कराने का आग्रह किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now