देश की खबरें | नाइट राइडर्स ने दिल्ली को 205 रन का लक्ष्य दिया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अंगकृष रघुवंशी और रिंकू सिंह की उम्दा पारियों और दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी से कोलकाता नाइट राइडर्स ने इंडियन प्रीमियर लीग में मंगलवार को यहां दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ नौ विकेट पर 204 रन बनाए।

नयी दिल्ली, 29 अप्रैल अंगकृष रघुवंशी और रिंकू सिंह की उम्दा पारियों और दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी से कोलकाता नाइट राइडर्स ने इंडियन प्रीमियर लीग में मंगलवार को यहां दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ नौ विकेट पर 204 रन बनाए।

रघुवंशी (44 रन, 32 गेंद, तीन चौके, दो छक्के) और रिंकू (36 रन, 25 गेंद, तीन चौके, एक छक्का) ने पांचवें विकेट के लिए 61 रन की साझेदारी जिससे टीम चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचने में सफल रही। सलामी बल्लेबाजों सुनील नारायण (27) और रहमानुल्लाह गुरबाज (26) तथा कप्तान अजिंक्य रहाणे (26) ने भी उपयोगी पारियां खेली।

मिचेल स्टार्क (43 रन पर तीन विकेट) दिल्ली के सबसे सफल गेंदबाज रहे। कप्तान अक्षर पटेल (27 रन पर दो विकेट) और लेग स्पिनर विपराज निगम (41 रन पर दो विकेट) ने बीच के ओवरों में प्रभावी गेंदबाजी की।

अक्षर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया जिसके बाद नारायण और गुरबाज (26) ने तीन ओवर में 48 रन जोड़कर नाइट राइडर्स को तेज शुरुआत दिलाई।

गुरबाज ने स्टार्क पर दो चौकों से शुरुआत की जबकि नारायण ने दुष्मंता चमीरा (46 रन पर एक विकेट) पर दो छक्के और एक चौका मारा जिससे ओवर में 25 रन बने।

गुरबाज ने स्टार्क के अगले ओवर में भी दो चौके और एक छक्का मारा लेकिन अंतिम गेंद पर विकेटकीपर अभिषेक पोरेल को कैच दे बैठे। गुरबाज ने 12 गेंद का सामना करते हुए पांच चौके और एक छक्का मारा।

नारायण ने मुकेश कुमार पर चौके के साथ चौथे ओवर में टीम के रनों का अर्धशतक पूरा किया।

रहाणे ने स्टार्क की लगातार गेंदों पर छक्का और चौका मारने के बाद मुकेश पर भी लगातार दो चौकों के साथ तेवर दिखाए।

नाइट राइडर्स ने पावर प्ले में एक विकेट पर 79 रन बनाए जो उसका दिल्ली के खिलाफ दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

लेग स्पिनर विपराज ने हालांकि अगले ओवर में नारायण को पगबाधा कर दिया। उन्होंने 16 गेंद का सामना करते हुए दो छक्के और इतने ही चौके मारे।

अक्षर ने अगले ओवर में रहाणे को पगबाधा करके नाइट राइडर्स का स्कोर तीन विकेट पर 91 रन किया।

रघुवंशी ने विपराज पर लगातार दो छक्कों के साथ नौवें ओवर में टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया।

वेंकटेश अय्यर (07) हालांकि अगले ओवर में अक्षर की गेंद को हवा में लहराकर विपराज को आसान कैच दे बैठे।

रघुवंशी और रिंकू ने इसके बाद पारी को संभाला। रिंकू ने 15वें ओवर में कुलदीप यादव पर दो चौकों और एक छक्के के साथ टीम का स्कोर चार विकेट पर 159 रन तक पहुंचाया।

रघुवंशी रन गति बढ़ाने की कोशिश में चमीरा की गेंद पर करुण नायर को कैच दे बैठे जबकि अगले ओवर में रिंकू भी विपराज की गेंद पर पवेलियन लौट गए।

आंद्रे रसेल (17) ने 19वें ओवर में चमीरा पर लगातार दो चौके मारे और अंतिम ओवर में स्टार्क पर छक्के के साथ टीम के रनों का दोहरा शतक पूरा किया। स्टार्क ने हालांकि रोवमैन पावेल (05) और अनुकूल रॉय (00) को पवेलियन भेजा जबकि रसेल रन आउट हुए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

India vs West Indies, 3rd T20I Match Scorecard: इंदौर में टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज के सामने रखा 224 रनों का लक्ष्य, अभिषेक शर्मा ने खेली तूफानी पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

Pakistan vs Sri Lanka, 2nd T20I Match Scorecard: रावलपिंडी में पाकिस्तान ने श्रीलंका के सामने रखा 216 रनों का लक्ष्य, माज़ सादाकत ने खेली 96 रनों की विस्फोटक पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

India vs West Indies, 3rd T20I Match Live Score Update: इंदौर में टीम इंडिया और वेस्टइंडीज के बीच खेला जा रहा है सीरीज का तीसरा मुकाबला, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट

Satta Bazar Mein Aaj Kaunsi Team Favourite? इंदौर में भारत बनाम वेस्टइंडीज के बीच तीसरे टी 20 मुकाबले को लेकर सट्टा बाजार का माहौल गर्म, मैच के दिन ये टीम बनी फेवरेट