देश की खबरें | पहलगाम हमले पर सर्वदलीय बैठक में नहीं आने के लिए खरगे ने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि यह देश की बदकिस्मती है कि पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में मोदी शामिल नहीं हुए। इसके साथ ही उन्‍होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर समाज में फूट डालने की कोश‍िश करने का आरोप लगाया।

जयपुर, 28 अप्रैल कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि यह देश की बदकिस्मती है कि पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में मोदी शामिल नहीं हुए। इसके साथ ही उन्‍होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर समाज में फूट डालने की कोश‍िश करने का आरोप लगाया।

खरगे ने यहां 'संविधान बचाओ' रैली को संबोधित करते हुए कहा क‍ि आज संकट की इस घड़ी में सभी लोग एकजुट होकर लड़ना चाहते हैं, लेकिन भाजपा जहर फैलाना चाहती है और फूट डालना चाहती है।

पहलगाम हमले के बाद दिल्ली में हुई सर्वदलीय बैठक का जिक्र करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यह हमारे देश की बदकिस्मती है कि बैठक में सभी पार्टी के नेताओं ने हिस्सा लिया, लेकिन मोदी जी नहीं आए।

उन्होंने कहा, ‘‘जब देश के स्वाभिमान को धक्का लगा, तो आप (मोदी) बिहार में चुनावी भाषण देने में व्यस्त थे। क्या दिल्ली बिहार से दूर है? आप बड़ी-बड़ी बातें करते हैं कि घर में घुसकर मारेंगे। अगर आप उस दिन बैठक में शामिल होते, तो सबको मालूम होता कि आपकी योजना क्या है... आप क्या करने वाले हैं... हमसे क्या मदद चाहते हैं?’’

खरगे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की ओर से राहुल गांधी श्रीनगर गए, घायलों से मिले और उनसे बात की, लेकिन बड़ी-बड़ी बातें करने वाले मोदी सर्वदलीय बैठक तक में नहीं आए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पहलगाम हमले को लेकर सरकार की हर कार्रवाई में उसका साथ देने का फैसला किया है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, “देश सर्वोपरि है। पार्टी और धर्म उसके बाद हैं। देश के लिए सभी को एकजुट होना चाहिए और सरकार का साथ देना चाहिए।”

उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश में एकता की बात करती है, तो भाजपा वाले फूट डालने की कोशिश करते हैं।

खरगे ने कहा कि केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने देश के 140 करोड़ लोगों की देशभक्ति को चुनौती देते हुए कहा कि उनमें देशभक्ति की कमी है।

उन्होंने कहा, "हमें होशियार रहना है। आप चंद लोगों को चंद दिन के लिए बेवकूफ बना सकते हैं, लेकिन सभी लोगों को हर समय बेवकूफ बनाकर नहीं रख सकते हैं।’’

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, “यह भारत है और हमारे पास संविधान है। इस देश में सबसे श्रेष्ठ संविधान है। संविधान के तहत ही हमारा लोकतंत्र चलता है। देश के 140 करोड़ लोग आज एकजुट होकर पाकिस्तान को जवाब देने को तैयार हैं।”

जांच एजेंसियों के कथित दुरुपयोग और कांग्रेस नेताओं के खिलाफ छापेमारी की कार्रवाई को लेकर सरकार पर हमला करते हुए खरगे ने कहा, "जब-जब कांग्रेस बढ़ती है, तब-तब ये लोग उसे दबाने की कोशिश करते हैं। हम इस तरह से दबने वाले नहीं है।"

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता सभी को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन वे लोगों के खिलाफ ‘झूठे’ मामले दर्ज करके लोकतंत्र को कमजोर नहीं कर सकते।

कांग्रेस अध्यक्ष ने सवाल उठाया कि आरएसएस (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) ने संपत्ति और इमारतें कैसे बनाईं। उन्होंने कहा, "करोड़ों की इमारतें बनाने और हजारों एकड़ जमीन लेने के लिए उनके पास पैसा कहां से आया।"

खरगे ने आरोप लगाया कि जब अहमदाबाद में कांग्रेस की बैठक हुई, तो उन्होंने ‘नेशनल हेराल्ड’ से जुड़े धन शोधन मामले में सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ आरोप पत्र दायर करके दबाव बनाया।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आज संकट की इस घड़ी में सभी लोग एकजुट होकर लड़ना चाहते हैं, लेकिन भाजपा जहर फैलाना चाहती है और फूट डालना चाहती है।

उन्होंने कहा, "हम देश की बात करते हैं, तो वे देश में फूट डालने की बात करते हैं। हम एकता की बात, जोड़ने की बात करते हैं तो वे तोड़ने की बात करते हैं। ऊपर से हमको बदनाम करने की कोशिश करते हैं।'’

खरगे ने कहा कि भाजपा वाले रोज सोनिया गांधी, राहुल गांधी, इंदिरा गांधी, जवाहरलाल नेहरू की आलोचना करते हैं। उन्होंने कहा कि 1989 के बाद से गांधी परिवार से कोई भी प्रधानमंत्री, उप प्रधानमंत्री या कैबिनेट मंत्री नहीं बना है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा के पास बहुमत नहीं है और उसकी दोनों टांगें टूट चुकी हैं। उन्होंने कहा, "सरकार ने तेदेपा और जदयू के रूप में दो टांगें लगा ली हैं।"

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश को कुछ नहीं दिया। उन्होंने कहा, “खाद्य सुरक्षा, नरेगा, शिक्षा का अधिकार हमारी पूर्ववर्ती सरकार ने दिया, जबकि मोदी ने देश को महंगाई और बेरोजगारी दी। ऐसे लोग देश को कमजोर करते हैं। अगर आपको मौका और समय मिला है तो देश का विकास करें... जवाहर लाल नेहरू और इंदिरा गांधी की तरह काम करें।"

खरगे ने आरोप लगाया कि राजस्थान में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने चिरंजीवी जैसी योजना पेश की थी, जिसमें 25 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा दिया गया था, लेकिन भाजपा सरकार ने इसे घटाकर पांच लाख रुपये कर दिया है।

जयपुर के रामलीला मैदान में आयोजित रैली को पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

GT vs MI, IPL 2026 30th Match Date And Time: कब और कितने बजे से खेला जाएगा गुजरात टाइटंस बनाम मुंबई इंडियंस के बीच रोमांचक मुकाबला? इस स्टेडियम में भिड़ेंगी दोनों टीमें, यहां जानें वेन्यू समेत मैच से जुड़ी सभी जानकारी

PBKS vs LSG, IPL 2026 29th Match Scorecard: चंडीगढ़ मुकाबले में पंजाब किंग्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 54 रनों दी पटखनी, लगाया जीत का पंजा; यहां देखें मैच का स्कोरकार्ड

Will MS Dhoni Play in MI vs CSK IPL 2026 Match: मुंबई इंडियंस बनाम चेन्नई सुपरकिंग्स के मुकाबले से पहले बड़ी खबर, क्या आईपीएल 2026 में वापसी करेंगे एमएस धोनी? फिटनेस को लेकर आया अपडेट

Manipur Tension: मणिपुर में फिर बढ़ा तनाव, उखरुल में पूर्व सैनिक समेत दो की हत्या से हालात बिगड़े; संदिग्ध उग्रवादियों पर FIR दर्ज