देश की खबरें | कर्नाटक में प्रदेश अध्यक्ष बदले जाने के संबंध में खरगे ने साधी चुप्पी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को कर्नाटक में पार्टी के नेतृत्व में बदलाव के बारे में कोई टिप्पणी नहीं की।

कलबुर्गी (कर्नाटक), 12 फरवरी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को कर्नाटक में पार्टी के नेतृत्व में बदलाव के बारे में कोई टिप्पणी नहीं की।

वर्तमान में, उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार 2020 से कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस समिति (केपीसीसी) के अध्यक्ष का पद संभाल रहे हैं।

खरगे ने कहा कि अगले कुछ दिनों में दो से तीन राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति होगी। उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैंने ओडिशा में पार्टी अध्यक्ष को बदल दिया है। नये प्रदेश अध्यक्ष पिछड़े वर्ग से हैं। हमने तीन से चार जगहों पर ऐसा किया है। धीरे-धीरे अन्य जगहों पर भी ऐसा किया जाएगा।’’

कर्नाटक में नए पार्टी अध्यक्ष के बारे में पूछे जाने पर खरगे ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं खासतौर पर कुछ नहीं कह सकता। अगर मैं कुछ कहता हूं, तो आप उसे तोड़-मरोड़ कर पेश करेंगे। यही कारण है कि लोग आपको सच नहीं बताते हैं। यहां से बात आगे बढ़ने के बाद जल्दी ही अलग-अलग कहानियां सामने आने लगेंगी।’’

उन्होंने कहा कि पार्टी एक के बाद एक राज्यों में संगठन में नियुक्त कर रही है। खरगे ने बताया, ‘‘अगले कुछ दिनों में हम दो से तीन राज्यों में ऐसा करेंगे। हम उन राज्यों में पदाधिकारियों की नियुक्ति करेंगे, जहां हमने अभी तक ऐसा नहीं किया है। हम कांग्रेस के अन्य प्रकोष्ठों और विभागों में भी ऐसा करेंगे।’’

हाल ही में राज्य के लोक निर्माण मंत्री सतीश जारकीहोली के उनसे मुलाकात करने के बारे में खरगे ने कहा, ‘‘मैं एआईसीसी अध्यक्ष हूं। अगर कोई मुझसे मिलता है तो क्या यह कोई बड़ी बात है? हर कोई मुझसे मिलने आता है। वह (सतीश जारकीहोली) हमारे हैं और वह कर्नाटक से हैं। फोन पर तुरंत मुलाकात का समय मिलने की सुविधा है। क्या मैं उन्हें मना कर सकता हूं?’’

खरगे ने मीडिया को सलाह दी कि जब मुख्यमंत्री सिद्धरमैया, उपमुख्यमंत्री शिवकुमार, गृह मंत्री जी. परमेश्वर और जारकीहोली उनसे मिलें तो ‘‘कहानियां न गढ़ें।’’

पार्टी के कई नेता कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष को बदलने की बात कर रहे हैं, जिस पद पर वर्तमान में शिवकुमार हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now