खांडू ने मोदी से कोविड-19 की तेजी से जांच करने वाली मशीन व निवेश का अनुरोध किया
मुख्यमंत्रियों के साथ प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता वाले वीडियो कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लेते हुए खांडू ने उनसे यह भी अनुरोध किया कि वह पूर्वोत्तर में निवेश कराना जारी रखें ताकि महामारी के कारण क्षेत्र की अर्थव्यवस्था पर प्रभाव नहीं पड़े।
ईटानगर, 11 मई अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अनुरोध किया कि कोरोना वायरस की तेजी से जांच करने वाली ट्रूनेट मशीन मुहैया कराई जाएं, क्योंकि बड़ी संख्या में लोगों ने पूर्वोत्तर राज्य लौटना शुरू कर दिया है।
मुख्यमंत्रियों के साथ प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता वाले वीडियो कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लेते हुए खांडू ने उनसे यह भी अनुरोध किया कि वह पूर्वोत्तर में निवेश कराना जारी रखें ताकि महामारी के कारण क्षेत्र की अर्थव्यवस्था पर प्रभाव नहीं पड़े।
वीडियो कॉन्फेंस के बाद खांडू ने ट्वीट किया, " अरुणाचल प्रदेश ने राज्य में प्रवेश करने वाले सभी लोगों की जांच अनिवार्य कर दी है। इसलिए, मैंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी से ट्रूनेट जांच मशीनों की सहायता मांगी है। तेजी से कोरोना वायरस की जांच करने के लिए इन मशीनों को आईसीएमआर ने मंजूरी दी है। "
ट्रूनेट तपेदिक (टीबी) की जांच मशीन है। इसे भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने कोरोना वायरस की जांच के लिए स्वीकृति दी है। इससे नतीजा एक घंटे में आ सकता है। अगर इसकी जांच में संक्रमित होने की पुष्टि होती है तो दूसरे माध्यम से पुनः पुष्टि कराई जाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा, " कोरोना वायरस को काबू करने की लड़ाई का प्रभाव अर्थव्यवस्था पर नहीं पड़ना चाहिए। पूर्वोत्तर में निवेश की, खासकर बागवानी और कृषि क्षेत्र में काफी संभावनाएं हैं। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी से आग्रह करता हूं कि वह क्षेत्र में निवेश लाने के लिए काम करते रहें।"
उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर के सभी राज्य कोरोना वायरस से निपटने के लिए एक टीम की तरह काम कर रहे हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)