देश की खबरें | केरल यौन उत्पीड़न मामला: मृतका की मां ने पुलिस पर र्कारवाई की मांग करते हुए सिर मुंडवाया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केरल के पलक्कड जिले में कथित यौन उत्पीड़न के बाद झोपड़ी में फांसी से लटकी पाई गई दो सगी बहनों की मां ने पुलिस की कथित निष्क्रियता के विरोध में शनिवार को अपना सिर मुंडवा लिया।
पलक्कड (केरल), 27 फरवरी केरल के पलक्कड जिले में कथित यौन उत्पीड़न के बाद झोपड़ी में फांसी से लटकी पाई गई दो सगी बहनों की मां ने पुलिस की कथित निष्क्रियता के विरोध में शनिवार को अपना सिर मुंडवा लिया।
महिला ने कहा कि पुलिस ने 2017 में उसकी बेटियों की मौत की जांच में कथित तौर पर चूक की।
वह 26 जनवरी से एक महीने तक सत्याग्रह पर बैठी थी, जिसके बाद उन्होंने अपना सिर मुंडवा लिया।
गौरतलब है कि महिला ने हाल ही में घोषणा की थी कि यदि राज्य सरकार ने कथित चूक को लेकर पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की, तो वह अपना सिर मुंडवा लेगी और एलडीएफ सरकार के खिलाफ पूरे राज्य में अभियान चलाएंगी।
मृत लड़कियों की माँ के साथ एकजुटता प्रदर्शित करते हुए दो व्यक्तियों ने भी अपना सिर मुंडवा लिया।
लोगों ने महिला और उनकी बेटियों के लिए न्याय की मांग करते हुए नारे लगाए।
कांग्रेस नेता एवं सांसद राम्या हरिदास और महिला कांग्रेस अध्यक्ष लतिका सुभाष भी वहां मौजूद थी।
कुछ हफ्ते पहले राज्य की एलडीएफ सरकार ने दलित लड़कियों की मौत की जांच सीबीआई को सौंप दी है।
उच्च न्यायालय ने पिछले महीने वालयार मामले में नये सिरे से सुनवाई करने का आदेश दिया था।
गौरतलब है कि 13 जनवरी, 2017 को पलक्कड जिले के वालयार में 13 साल की बड़ी बहन को उसकी झोपड़ी में फांसी से लटका पाया गया था। इसके बाद उसी साल चार मार्च को छोटी बहन (9) को फांसी पर लटका पाया गया था। दोनों सगी बहनों का कथित रूप से यौन उत्पीड़न किया गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)