देश की खबरें | केरल उपचुनाव : वायनाड लोकसभा सीट, चेलक्करा विधानसभा सीट पर मतदान जारी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केरल में वायनाड लोकसभा सीट और चेलक्करा विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए बुधवार सुबह मतदान जारी है।
वायनाड/ त्रिशूर (केरल), 13 नवंबर केरल में वायनाड लोकसभा सीट और चेलक्करा विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए बुधवार सुबह मतदान जारी है।
मतदान सुबह सात बजे आरंभ हुआ।
मतदान के पहले घंटे के दौरान वायनाड लोकसभा सीट और चेलक्करा विधानसभा सीट पर क्रमश: 6.92 प्रतिशत और 7.2 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, लोग वायनाड में 1,354 मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए सुबह से ही पहुंचने लगे हैं। इस क्षेत्र में 14 लाख से अधिक मतदाता पंजीकृत हैं।
वायनाड लोकसभा क्षेत्र के तहत सात विधानसभा सीटें वायनाड जिले में मनंतावाडी (सुरक्षित), सुल्तान बथेरी (सुरक्षित) और कलपेट्टा, कोझिकोड जिले में तिरुवमबाडी और मलप्पुरम जिले में ईरानद, निलांबुर और वंडूर हैं।
आम चुनावों में रायबरेली से जीत के बाद राहुल गांधी द्वारा सीट खाली करने के कारण वायनाड सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वायनाड निर्वाचन क्षेत्र के लिए होने वाले उपचुनाव में संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) की उम्मीदवार हैं। उनका मुकाबला मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी नीत वाम लोकतांत्रिक मोर्चा के प्रत्याशी सत्यन मोकेरी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की प्रत्याशी नव्या हरिदास से है।
राज्य के त्रिशूर जिले में चेलक्करा विधानसभा सीट पर उपचुनाव में मतदान के लिए लोग सुबह-सुबह मतदान केंद्रों पर उमड़ने लगे। इस निर्वाचन क्षेत्र में 177 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
चेलक्करा में एलडीएफ के के. राधाकृष्णन के लोकसभा में चुने जाने के बाद उपचुनाव कराना पड़ रहा है। इस सीट पर कुल छह उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)