देश की खबरें | केरल : कोझिकोड में गेंद निकालने के लिए समुद्र में गए दो किशोरों के शव मिले

कोझिकोड (केरल), पांच जून केरल के कोझिकोड समुद्र तट के पास खेलते वक्त पानी में गई गेंद को निकालने के लिये समुद्र में उतरने के बाद बीते दिनों लापता हुए दो किशोरों के शव 16 घंटे से भी अधिक समय के बाद तटबंध के पास मिले।

एलाथुर तटीय पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार को एक किशोर का शव आधी रात के करीब और दूसरे का शव सुबह चार बजे मिला।

उन्होंने कहा, "जांच खत्म हो गई है और पोस्टमार्टम के बाद दोनों किशोरों के शव उनके परिवार को सौंप दिये जाएंगे।"

अधिकारी ने बताया, "पुलिस, अग्निशमन विभाग, मत्स्य विभाग और स्थानीय मछुआरों ने 16 घंटे से भी अधिक समय तक तलाशी अभियान चलाकर दोनों शव बरामद किए।’’

उसने बताया कि किशोरों का एक समूह समुद्र तट के पास खेल रहा था, तभी उनकी गेंद समुद्र में चली गई और उनमें से कुछ किशोर गेंद को निकालने के लिए पानी में चले गए।

पुलिस ने बताया कि यह घटना रविवार को सुबह साढ़े सात से आठ बजे के बीच हुई।

पुलिस ने बताया था कि गेंद निकालने के लिए समुद्र में उतरे तीन किशोर पानी की तेज धारा में फंस गए थे। हालांकि, वहां मौजूद लोगों ने एक को सुरक्षित निकाल लिया, लेकिन दो किशोर समुद्र में बह गए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)