देश की खबरें | केजरीवाल ने कहा: कम हो रहा यमुना का जलस्तर; बाढ़ को लेकर आप और भाजपा के बीच वाकयुद्ध
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली के कुछ हिस्सों में जीवन और आजीविका पर कहर बरपाने के बाद शनिवार को उफनती यमुना के जलस्तर में गिरावट देखी गई। कई इलाकों से बाढ़ का पानी कम होने पर अधिकारियों ने सड़कें खोल दीं और यातायात प्रतिबंधों में ढील दी।
नयी दिल्ली, 15 जुलाई दिल्ली के कुछ हिस्सों में जीवन और आजीविका पर कहर बरपाने के बाद शनिवार को उफनती यमुना के जलस्तर में गिरावट देखी गई। कई इलाकों से बाढ़ का पानी कम होने पर अधिकारियों ने सड़कें खोल दीं और यातायात प्रतिबंधों में ढील दी।
हालांकि, सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच बाढ़ को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया। दोनों दलों ने राजधानी में बाढ़ के लिए एक-दूसरे को जिम्मेदार ठहराया।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यमुना का जलस्तर धीरे-धीरे कम हो रहा है और अगर अब भारी बारिश नहीं हुई तो स्थिति जल्द ही सामान्य हो जाएगी, लेकिन उन्होंने कहा कि बाढ़ का खतरा अभी टला नहीं है।
दिल्ली सरकार के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी के बाढ़ग्रस्त इलाकों में स्थिति सुधर रही है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले दो दिन शहर में मध्यम स्तर की बारिश और अगले पांच दिन के दौरान उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश में “भारी से बहुत भारी” बारिश होने का अनुमान जताया है।
केंद्रीय जल आयोग के बाढ़-निगरानी पोर्टल के अनुसार, शनिवार शाम सात बजे तक यमुना का जल स्तर घटकर 206.87 मीटर हो गया, जो बृहस्पतिवार रात आठ बजे 208.66 मीटर था। शनिवार को सुबह सात बजे जलस्तर 207.62 मीटर था।
पिछले दो दिन में हरियाणा के यमुनानगर में हथिनीकुंड बैराज से प्रवाह दर कम होने के साथ और गिरावट की उम्मीद है, लेकिन यमुना का जलस्तर अब भी खतरे के निशान 205.33 मीटर से ऊपर है।
शहर में सामान्य जल आपूर्ति, जो जल उपचार संयंत्र (डब्ल्यूटीपी) में बाढ़ के कारण प्रभावित हुई थी, रविवार को बहाल होने की संभावना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वजीराबाद और चंद्रावल में डब्ल्यूटीपी रविवार तक शुरू हो जाएंगे।
राष्ट्रीय राजधानी में वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कई सड़कें शनिवार को खोल दी गईं। अब भी कुछ मार्गों पर यातायात नियंत्रण प्रभाव में हैं।
यातायात पुलिस द्वारा जारी परामर्श के अनुसार बौलेवार्ड रोड-स्लिप रोड-सर्विस रोड, युद्धिष्ठिर सेतु के नीचे बायां मोड़, रिंगरोड , चांदगी राम अखाड़ा से मुकरबा चौक ,चांदगी राम अखाड़ा से आईपी कॉलेज तक (दोनों तरफ) को यातायात के लिए खोल दिया गया है। भैरोसिंह मार्ग पर मथुरा रोड से रिंग रोड तक, विकास मार्ग पर आईटीओ से लक्ष्मी नगर तक (दोनों तरफ) , निषाद राज मार्ग (शांतिवन से गीता कॉलोनी तक दोनों ओर) को यातायात के लिए खोल दिया गया है।
अब भी जो मार्ग बंद हैं उनमें रिंग रोड (मजनू का टीला से आईएसबीटी तक, शांतिवन से आईपी फ्लाईओवर तक, आईपी डिपो तक,) आईपी डिपो से आईपी फ्लाईओवर से आईएसबीटी तक , सलीम गढ बाईपास एवं ओल्ड आयरन ब्रिज पुश्ता से श्मशान घाट तक , बाहरी रिंग रोड पर मुकरबा चौंक से वजीराबाद तक , रिंग रोड पर शांतिवन से राजघाट एवं आईएसबीटी की ओर के मार्ग शामिल हैं।
पुलिस ने कहा कि आईएसबीटी कश्मीरी गेट बंद है।
दिल्ली की मंत्री आतिशी ने बताया कि यमुना के जलस्तर में गिरावट के मद्देनजर लोक निर्माण विभाग ने पानी हटाने, सड़कें साफ करने और यातायात के लिए उन्हें खोलने का काम शुरू कर दिया है।
दिल्ली के कैबिनेट मंत्री सौरभ भारद्वाज ने शनिवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र और हरियाणा की सरकारों ने राष्ट्रीय राजधानी की ओर जानबूझकर पानी छोड़ा, जिसकी वजह से शहर में बाढ़ आई।
भारद्वाज ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पिछले तीन-चार दिन में दिल्ली में भारी बारिश नहीं हुई, फिर भी यमुना में जल स्तर 208.66 मीटर तक पहुंच गया।
उन्होंने कहा, “हथिनीकुंड बैराज से तीन नहरों - पश्चिमी नहर, पूर्वी नहर और यमुना में पानी छोड़ा जाता है। नौ से 13 जुलाई के बीच षड्यंत्र के तहत यमुना नहर से केवल दिल्ली की ओर पानी छोड़ा गया। पश्चिमी और पूर्वी नहर में पानी नहीं छोड़ा गया।”
भाजपा ने ‘आप’ पर पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि दिल्ली में बाढ़ के लिए ‘आप’ सरकार की निष्क्रियता एवं भ्रष्टाचार जिम्मेदार है और उसने मुख्यमंत्री केजरीवाल से स्थिति को संभालने में "विफल" रहने के लिए लोगों से माफी मांगने को कहा।
भाजपा के प्रवक्ता गौरव भाटिया और पार्टी के सांसद प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि केजरीवाल सरकार के पिछले आठ वर्ष में यमुना से गाद निकालने में नाकाम रहने के कारण बाढ़ आई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)