देश की खबरें | केजरीवाल ने ‘राष्ट्रीय मिशन’ की शुरुआत की, समर्थन जुटाने के लिए देश भर में यात्रा करेंगे

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अगले लोकसभा चुनाव पर नजर टिकाए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपनी आम आदमी पार्टी (आप) की राष्ट्रीय महत्वाकांक्षा का खुलासा करते हुए बुधवार को औपचारिक रूप से ‘मेक इंडिया नंबर 1’ अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि अगर देश का विकास करना है तो इसे उन लोगों के हवाले नहीं छोड़ा जा सकता है जो अब तक शासन करते रहे हैं।

नयी दिल्ली, 17 अगस्त अगले लोकसभा चुनाव पर नजर टिकाए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपनी आम आदमी पार्टी (आप) की राष्ट्रीय महत्वाकांक्षा का खुलासा करते हुए बुधवार को औपचारिक रूप से ‘मेक इंडिया नंबर 1’ अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि अगर देश का विकास करना है तो इसे उन लोगों के हवाले नहीं छोड़ा जा सकता है जो अब तक शासन करते रहे हैं।

यहां तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित एक कार्यक्रम में केजरीवाल ने सुशासन के लिए पांच सूत्रीय दृष्टिकोण का प्रस्ताव रखा और कहा कि वह इस उद्देश्य के लिए समर्थन जुटाने को लेकर देश भर में यात्रा करेंगे। आप के राष्ट्रीय संयोजक ने इस अभियान को ‘राष्ट्रीय मिशन’ करार दिया और भारत को विकसित देशों की सूची में शामिल करवाने के लिए सभी लोगों एवं राजनीतिक दलों से इसमें शामिल होने का आह्वान किया।

उन्होंने अपना ‘मेक इंडिया नंबर 1’ अभियान शुरू करते हुए कहा, ‘‘हमारी सभ्यता हजारों साल पुरानी है और एक समय था जब पूरी दुनिया में भारत का बोलबाला था। हमें भारत को फिर से महान बनाना है।’’

सोशल मीडिया पर, कई लोगों ने भारत को फिर से महान बनाने के लिए केजरीवाल के आह्वान की तुलना पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 2016 के राष्ट्रपति चुनाव प्रचार में इस्तेमाल किए गए ‘‘फिर से अमेरिका को महान बनाएं’’ नारे से की।

केजरीवाल ने कहा कि उनका राष्ट्रीय मिशन करोड़ों भारतीयों के लंबे समय से संजोए गए सपनों को साकार करने की शुरुआत है और लोगों से इसमें शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), कांग्रेस और किसी अन्य राजनीतिक दल के लोग भी इसमें शामिल हो सकते हैं क्योंकि यह गैर-राजनीतिक अभियान है। उन्होंने बिना किसी दल का नाम लिए आजादी के बाद से भारत की धीमी प्रगति के लिए शासन करने वाले दलों को दोषी ठहराया। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि पिछले 75 वर्षों में उन्होंने (सत्ताधारी दलों ने) अपने और अपने दोस्तों के घरों को धन से भरने के अलावा कुछ नहीं किया।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘अगर हम इन पार्टियों और नेताओं के हवाले इस देश को छोड़ देते हैं, तो हम और 75 साल पीछे चले जाएंगे। उनमें से कुछ (नेता) अपने परिवार के लिए जीते हैं जबकि कुछ दोस्तों के लिए। किसी को भ्रष्टाचार में लिप्त होना है तो किसी को देश को लूटना है।’’

केजरीवाल ने कहा कि भारत को दुनिया में नंबर एक बनाने के लिए सार्वजनिक धन का उपयोग, हर बच्चे को मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, हर नागरिक के लिए मुफ्त और अच्छा चिकित्सा उपचार, युवाओं के लिए रोजगार, महिलाओं के लिए समान अधिकार और सम्मान तथा किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य प्रदान करना आवश्यक है।

पंजाब के चुनावों में शानदार जीत के बाद आप ने अपने पैर जमाने के लिए अधिकतर राज्यों में अपनी इकाइयों को पुनर्गठित और सक्रिय किया है। देश भर में सदस्यता अभियान शुरू करने के साथ आप, भाजपा शासित गुजरात और हिमाचल प्रदेश में आगामी चुनावों पर ध्यान केंद्रित करते हुए अगले दो वर्षों में होने वाले विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है।

आप गोवा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में विधानसभा चुनावों में कोई खास असर छोड़ने में विफल रही, लेकिन कांग्रेस के कमजोर होने के बाद वह कई राज्यों में खुद को भाजपा के अगले प्रमुख प्रतिद्वंद्वी के रूप में पेश कर रही है। आप के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा कि वह ‘मेक इंडिया नंबर 1’ मिशन के हिस्से के रूप में देश भर में यात्रा करेंगे ताकि लोगों को पहल में शामिल होने और इसके उद्देश्यों को साकार करने में योगदान करने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘भारत को दुनिया में नंबर एक बनाने के लिए, सबसे पहले हमें यह करना होगा कि इस देश के हर बच्चे को मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जाए। हमें यह सुनिश्चित करने के लिए देश के कोने-कोने में स्कूल खोलना होगा कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।’’

उन्होंने कहा कि शिक्षित होने के बाद हर बच्चा अपने परिवार को गरीब से अमीर बनाएगा और फिर भारत अमीर देशों की सूची में शामिल होगा। केजरीवाल ने कहा कि भारत को विश्व में नंबर वन बनाने के लिए जो दूसरा उपाय करना होगा, वह है देश के प्रत्येक नागरिक को मुफ्त दवा और जांच की सुविधा के साथ-साथ मुफ्त और बेहतरीन इलाज मुहैया कराना।

केजरीवाल ने कहा, ‘‘तीसरा, हमें हर युवा को रोजगार देना होगा जो नेक इरादे और प्रबंधन से संभव है। चौथा, हर महिला को सम्मान, समान अधिकार और सुरक्षा मिलनी चाहिए। पांचवां, हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिले और सम्मान मिले ताकि बच्चे गर्व के साथ कह सकें कि वे भी किसान बनना चाहते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं इस देश के 130 करोड़ लोगों से इस राष्ट्रीय मिशन में शामिल होने और भारत को नंबर एक बनाने की अपील करता हूं।’’ केजरीवाल ने कहा कि आजादी के बाद पिछले 75 सालों में भारत ने कई मुकाम हासिल किए, लेकिन सिंगापुर जैसे कई देश, जिन्हें भारत के बाद आजादी मिली, विकास के मामले में भारत को पीछे छोड़ने में कामयाब रहे।

उन्होंने सवाल किया, ‘‘दुनिया में सबसे बुद्धिमान और मेहनती लोग होने के बावजूद हम अभी भी क्यों पिछड़ रहे हैं?’’ उन्होंने कहा, ‘‘भगवान ने भारत को सब कुछ दिया है - नदियां, पहाड़, जड़ी-बूटियां, फ़सलें, समुद्र, फिर भी हम दूसरों से पिछड़ रहे हैं।’’

केजरीवाल ने कहा, ‘‘भारत दुनिया का नेतृत्व कर सकता है लेकिन यह तभी संभव है जब इस देश के 130 करोड़ लोग एक साथ आएं और ‘मेक इंडिया नंबर 1’ राष्ट्रीय मिशन से जुड़ें। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘यह किसी राजनीतिक दल का मिशन नहीं है, यह एक राष्ट्रीय मिशन है। इसलिए, मैं भाजपा, कांग्रेस और अन्य सभी दलों के लोगों से आह्वान करता हूं कि वे आगे आएं और भारत को दुनिया का नंबर एक देश बनाने के लिए इस पहल में शामिल हों।’’

भाजपा शासित गुजरात में, केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी बड़ी संख्या में सीटें जीतने की उम्मीद कर रही है क्योंकि कांग्रेस कमजोर दिख रही है और आप सूत्रों का दावा है कि उन्होंने राज्य में खासकर सौराष्ट्र क्षेत्र में एक मजबूत आधार विकसित किया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

RCB vs DC, IPL 2026 26th Match Stats And Preview: टूर्नामेंट के 26वें मुकाबले में जीत की लय बरकरार रखना चाहेगी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, दिल्ली कैपिटल्स करना चाहेगी वापसी, मैच से पहले जानें स्टैट्स एंड प्रीव्यू

RSAW vs INDW, 1st T20I Match Live Score Update: किंग्समीड में दक्षिण अफ्रीका महिला बनाम भारत महिला के बीच खेला जा रहा है पहला टी20 मुकाबला, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट

RSAW vs INDW, 1st T20I Match Live Toss And Scorecard: किंग्समीड स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका महिला के कप्तान लॉरा वोल्वार्ड्ट ने जीता टॉस, पहले गेंदबाजी करने का किया फैसला; यहां देखें दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन और लाइव स्कोरकार्ड

GT vs KKR, IPL 2026 25th Match Scorecard: नरेंद्र मोदी स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स ने गुजरात टाइटंस के सामने रखा 181 रनों का टारगेट, कैमरून ग्रीन ने खेली दमदार पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड