देश की खबरें | केजरीवाल हरियाणा में ‘आप’ के चुनाव प्रचार अभियान में शामिल हुए, जगाधरी में रोड शो किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आम आदमी पार्टी (आप) संयोजक अरविंद केजरीवाल शुक्रवार को हरियाणा में पार्टी के चुनाव प्रचार अभियान में शामिल हुए और उन्होंने यमुनानगर जिले के जगाधरी निर्वाचन क्षेत्र में एक रोड शो किया।

चंडीगढ़, 20 सितंबर आम आदमी पार्टी (आप) संयोजक अरविंद केजरीवाल शुक्रवार को हरियाणा में पार्टी के चुनाव प्रचार अभियान में शामिल हुए और उन्होंने यमुनानगर जिले के जगाधरी निर्वाचन क्षेत्र में एक रोड शो किया।

हरियाणा की 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान पांच अक्टूबर को होगा और मतगणना आठ अक्टूबर को की जाएगी।

आबकारी नीति मामले में जमानत पर तिहाड़ जेल से रिहाई के बाद केजरीवाल ने मंगलवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।

दिल्ली की मंत्री आतिशी शनिवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी।

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री दोपहर को जगाधरी पहुंचे और करीब साढ़े तीन बजे उनका रोड शो शुरू हुआ। इस दौरान सड़कों पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए। ‘आप’ सुप्रीमो ने अपने वाहन के ‘सनरूफ’ से भीड़ की ओर हाथ हिलाकर अभिवादन किया।

रोड शो के दौरान ‘आप’ की हरियाणा इकाई के प्रमुख सुशील गुप्ता केजरीवाल के साथ थे।

सीट बंटवारा समझौते पर कांग्रेस के साथ बातचीत असफल रहने के बाद ‘आप’ अपने दम पर हरियाणा चुनाव लड़ रही है।

पार्टी महासचिव (संगठन) संदीप पाठक ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय राजधानी में एक संवाददाता सम्मेलन में बताया था कि केजरीवाल आने वाले दिनों में राज्य के 11 जिलों में 13 कार्यक्रमों में भी भाग लेंगे, जिनमें डबवाली, रानिया, भिवानी, महम, कलायत, असंध और बल्लभगढ़ तथा अन्य निर्वाचन क्षेत्र शामिल होंगे।

उन्होंने कहा कि उनके आगे के अभियान कार्यक्रम की घोषणा बाद में की जाएगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

\