देश की खबरें | केजरीवाल ने आईआईएम अहमदाबाद में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले शिक्षकों से बातचीत की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को एमसीडी स्कूलों के प्राचार्यों से बातचीत की और कहा कि उन्हें जल्द ही प्रशिक्षण के लिए विदेश भेजा जाएगा। इन प्राचार्यों ने हाल ही में आईआईएम अहमदाबाद में एक प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लिया था।
नयी दिल्ली, 12 जुलाई दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को एमसीडी स्कूलों के प्राचार्यों से बातचीत की और कहा कि उन्हें जल्द ही प्रशिक्षण के लिए विदेश भेजा जाएगा। इन प्राचार्यों ने हाल ही में आईआईएम अहमदाबाद में एक प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लिया था।
केजरीवाल ने यह भी कहा कि भले ही 50 प्राचार्यों को अहमदाबाद के भारतीय प्रबंधन संस्थान भेजा गया, लेकिन इस पहल का असर सैकड़ों स्कूलों में दिखेगा।
केजरीवाल ने कहा, ‘‘प्राचार्यों ने अपने प्रशिक्षण के दौरान जो सीखा है वह महत्वपूर्ण है, लेकिन जो अधिक महत्वपूर्ण है वह यह है कि वे एक अलग स्तर के उत्साह के साथ वापस आए हैं। हम जल्द ही एमसीडी स्कूल के शिक्षकों और प्राचार्यों को प्रशिक्षण के लिए विदेश भी भेजेंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आपको न केवल अपने स्कूल के लिए बल्कि पर्यावरण के लिए भी बदलाव का एजेंट बनना होगा।’’
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की स्कूल प्रणाली इस समय "बहुत ख़राब" है और आम आदमी पार्टी (आप) इसे बदलेगी और आशापूर्ण दृष्टि प्रदान करेगी।
उन्होंने कहा, ‘‘हम जानते हैं कि एमसीडी स्कूल के शिक्षक विपरीत परिस्थितियों में काम कर रहे हैं। शिक्षा प्रणाली के साथ-साथ बुनियादी ढांचा भी खराब स्थिति में है और पिछली किसी भी सरकार ने इस पर ध्यान नहीं दिया। इस समय स्थिति बहुत निराशाजनक है और हम इसे बदलेंगे।’’
विदेशों में दिल्ली सरकार के स्कूल के शिक्षकों के प्रशिक्षण का जिक्र करते हुए केजरीवाल ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के लिए शिक्षकों और प्राचार्यों को भेजना "उनके प्रदर्शन के लिए महत्वपूर्ण है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमने अपने सरकारी स्कूलों के प्राचार्यों को लंदन, सिंगापुर और फ़िनलैंड भेजा है। ऐसी दलीलें दी गई कि शिक्षकों को इतने महंगे प्रशिक्षण कार्यक्रमों में नहीं भेजा जाना चाहिए और इसके बजाय प्रशिक्षकों को दिल्ली लाया जाना चाहिए। हालांकि, दोनों के बीच बहुत अंतर है क्योंकि अनुभव महत्वपूर्ण है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)