बेंगलुरु, 12 जुलाई कल्याण राज्य प्रगति पक्ष के प्रमुख और गंगावती से विधायक जी जनार्दन रेड्डी ने बुधवार को कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया से अपने निर्वाचन क्षेत्र में भगवान हनुमान की जन्मस्थली कही जाने वाली अंजनाद्रि पहाड़ी के विकास का अनुरोध किया।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्ववर्ती भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने इस पवित्र स्थान के विकास के लिए ज्यादा कुछ नहीं किया।
रेड्डी ने कहा, ‘‘गंगावती (कोप्पल जिला) में स्थित अंजनाद्रि पहाड़ी भगवान हनुमान का जन्मस्थान है, पिछली भाजपा सरकार ने कहा था कि वह इसे अयोध्या की तर्ज पर विकसित करेगी, लेकिन कोई काम नहीं किया।’’
विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा में बोलते हुए रेड्डी ने कहा, ‘‘भाजपा सरकार के कार्यकाल के आखिरी दिनों में जब मैंने घोषणा की कि मैं वहां से चुनाव लड़ूंगा, तो भाजपा सरकार ने अंजनाद्रि के विकास के लिए 120 करोड़ रुपये की घोषणा की थी, लेकिन एक पैसा भी नहीं दिया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘नई सरकार को पिछली सरकार द्वारा घोषित किए 120 करोड़ रुपये के बजट की जांच करनी चाहिए और क्षेत्र के विकास के लिए कदम उठाना चाहिए। यहां लाखों लोग पहुंच रहे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अंजनाद्रि में कोई सुविधाएं नहीं हैं। यहां एक यात्री निवास, अच्छी सड़कें, शौचालय और रोपवे बनाने की योजना है। मुख्यमंत्री, पर्यटन मंत्री, कन्नड़ और संस्कृति मंत्री को इस प्रस्ताव को प्राथमिकता देनी चाहिए।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY