देश की खबरें | लोकसभा में सुरक्षा चूक के बाद कर्नाटक विधानसभा सतर्क और सजग
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. लोकसभा में दो व्यक्तियों के दर्शक दीर्घा से सदन में कूदने की घटना के बाद कर्नाटक विधानसभा ने बुधवार को अलर्ट जारी किया और विधायकों से अत्यधिक सावधानी बरतने तथा लोगों को आगंतुक पास जारी करने से पहले उचित सत्यापन करने को कहा।
बेलगावी (कर्नाटक), 13 दिसंबर लोकसभा में दो व्यक्तियों के दर्शक दीर्घा से सदन में कूदने की घटना के बाद कर्नाटक विधानसभा ने बुधवार को अलर्ट जारी किया और विधायकों से अत्यधिक सावधानी बरतने तथा लोगों को आगंतुक पास जारी करने से पहले उचित सत्यापन करने को कहा।
सरकार और विधानसभा अध्यक्ष ने यहां जारी विधानमंडल सत्र के दौरान और भविष्य में बेंगलुरु में ऐसी किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए उचित सुरक्षा और कड़ी निगरानी सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
संसद में हुई घटना को निंदनीय और खतरे की घंटी बताते हुए विधानसभा अध्यक्ष यू.टी. खादर ने कहा कि इसकी गहन जांच होनी चाहिए और इसके पीछे के लोगों को कड़ी सजा दी जानी चाहिए।
खादर ने कहा कि विधायक और जनप्रतिनिधि न जानने के बावजूद अच्छी मंशा से लोगों को पास जारी करते हैं। उन्होंने विधायकों को जिम्मेदार होने के लिए आगाह किया और कहा, ‘‘पास जारी करने से पहले सख्ती से जांच करें, बिना पहचान जाने और आधार कार्ड को सत्यापित किए बिना पास जारी न करें।’’
विधानसभा अध्यक्ष ने विधायकों से सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ‘विधान सौध’(कर्नाटक विधानमंडल भवन) परिसर में अनावश्यक रूप से लोगों से नहीं मिलने को कहा। खादर ने कहा कि उन्होंने उचित सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए गृह मंत्री, खुफिया अधिकारियों, पुलिस, उपायुक्त, मार्शल और अन्य अधिकारियों से बात की है।
इस बीच, लोकसभा में हुई घटना को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग भी शुरू हो गई।
मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने कहा, ‘‘संसद में हुई घटना निंदनीय है, सभी को इसकी निंदा करनी होगी। यह हमारे लिए भी एक चेतावनी है। खबरों के मुताबिक पास हमारे लोकसभा सदस्यों में से किसी एक द्वारा जारी किया गया था, मैं सुनिश्चित नहीं हूं, लेकिन पास जारी करते समय यह अच्छा रहेगा कि अगर यह किसी ज्ञात व्यक्ति को जारी किया गया हो।’’
उन्होंने कहा, ‘‘प्रथम दृष्टया यह सुरक्षा में चूक का मामला लगता है।’’
हालांकि, उप मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने मैसुरु के लोकसभा सदस्य प्रताप सिम्हा द्वारा घटना के आरोपियों को पास जारी करने की खबरों का हवाला देते हुए कहा, ‘‘ प्रताप सिम्हा बुद्धिमान व्यक्ति हैं, मैं नाम नहीं लेना चाहता, लेकिन पता नहीं क्यों (उन्होंने पास जारी किए)।’’
शिवकुमार ने दावा किया कि चूंकि सिम्हा कर्नाटक से हैं, इसलिए लोग उन्हें फोन कर पूछ रहे हैं कि उन्होंने पास क्यों जारी किए।
उपमुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘(विधानसभा में) नेता प्रतिपक्ष (आर अशोक) को जिम्मेदारी लेनी चाहिए, उन्हें अपनी सलाह देनी चाहिए।’’
अशोक ने कहा कि शिवकुमार और कांग्रेस इस मुद्दे का राजनीतिकरण करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘उनके (शिवकुमार के) भाई (डीके सुरेश) भी सांसद हैं, उन्होंने भी पास जारी किए होंगे...राजनीतिकरण का यह प्रयास सही नहीं है।’’
शिवकुमार के बचाव में आए मंत्री प्रियंक खरगे ने कहा, ‘‘अगर पास कांग्रेस सांसद द्वारा जारी किया जाता तो क्या होता? उन्होंने हमें ‘देशद्रोही’ कहा होता। हम पूछ रहे हैं कि आपके सांसद ने कैसे जारी किया...।"
इस पर पलटवार करते हुए अशोक ने पूछा, ‘‘क्या हमने हमलावर के संबंध में शिवकुमार के बयान के बाद उन्हें मंगलुरु कुकर बम धमाके के लिए जिम्मेदार ठहराया है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)