देश की खबरें | जेलेजनी के बदलाव मुझे जल्द ही 90 मीटर के स्तर तक ले जाएंगे: नीरज चोपड़ा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दो बार के ओलंपिक पदक विजेता भाला फेंक स्टार नीरज चोपड़ा ने खुलासा किया है कि उनके नए कोच यान जेलेजनी ने उनकी तकनीक में गलतियों का पता लगा लिया है और अब वह 90 मीटर के स्तर को हासिल करने के लिए उनके थ्रो करने के तरीकों में कुछ बदलाव करेंगे।

नयी दिल्ली, 18 फरवरी दो बार के ओलंपिक पदक विजेता भाला फेंक स्टार नीरज चोपड़ा ने खुलासा किया है कि उनके नए कोच यान जेलेजनी ने उनकी तकनीक में गलतियों का पता लगा लिया है और अब वह 90 मीटर के स्तर को हासिल करने के लिए उनके थ्रो करने के तरीकों में कुछ बदलाव करेंगे।

इस 26 वर्षीय खिलाड़ी ने इंडिया टुडे से बात करते हुए पिछले महीने पूर्व टेनिस खिलाड़ी हिमानी मोर के साथ अपनी शादी के बारे में भी बताया। चोपड़ा ने कहा कि उनका रिश्ता पहले एक साधारण दोस्ती थी लेकिन धीरे-धीरे उन्हें प्यार हो गया।

चोपड़ा 90 मीटर के स्तर को छूने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 89.94 मीटर है जो उन्होंने 2022 में हासिल किया था। उनका सत्र मई में डाइमंड लीग के साथ शुरू होगा और यह पूर्व ओलंपिक तथा विश्व चैंपियन जेलेजनी के साथ उनकी साझेदारी की प्रतिस्पर्धी शुरुआत होगी जिनके नाम भाला फेंक में विश्व रिकॉर्ड (98.48 मीटर) भी है।

चोपड़ा ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि 90 मीटर से अधिक का थ्रो जल्द आ सकता है। उन्होंने (यान जेलेजनी) मेरे खेल में कुछ तकनीकी समायोजन किए हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘उन्हें (जेलेजनी) लगता है कि उनके बदलाव से मुझे मदद मिलेगी। मैं समझ पाया हूं कि वह मेरे से क्या उम्मीद करते हैं। उन्होंने मुझे जो गलतियां बताईं उनमें से एक यह थी कि मैं पेरिस में भी भाला बहुत नीचे फेंक रहा था और मेरा झुकाव बाईं ओर था।’’

चोपड़ा ने कहा, ‘‘अगर मैं उन बदलावों को शामिल करने में सक्षम रहा तो मुझे लगता है कि मैं बहुत बेहतर हो जाऊंगा।’’

पानीपत के इस खिलाड़ी ने हालांकि जोर देते हुए कहा कि यह मील का पत्थर देश के लिए पदक जीतने जितना महत्वपूर्ण नहीं है।

चोपड़ा ने कहा, ‘‘मैं ऐसा करना चाहूंगा। लेकिन किसी प्रतियोगिता में जाना और उन लोगों के खिलाफ पदक जीतना जो पहले 90 मीटर फेंक चुके हैं, उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है। 90 मीटर भाला फेंकना और जीत नहीं पाना, इसका कोई मतलब नहीं है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘क्या होगा अगर हर कोई 90 मीटर से अधिक भाला फेंके और 90 मीटर थ्रो करने के बावजूद आप जीत न पाएं? मैं भाले को 90 मीटर से अधिक फेंकना चाहता हूं, हर कोई मानता है कि मैं ऐसा कर सकता हूं। क्लॉस (बार्टोनिएट, चोपड़ा के पूर्व कोच) को इस पर विश्वास था, जेलेजनी को इस पर विश्वास है।’’

उन्होंने ग्रोइन की चोट के बारे में भी बात की जिसने पिछले साल उनके सत्र को नुकसान पहुंचाया। चोपड़ा ने प्राग में जेलेजनी द्वारा सुझाए गए एक डॉक्टर से परामर्श किया है।

चोपड़ा ने कहा, ‘‘ग्रोइन की चोट लंबे समय से एक समस्या रही है। मैं अपनी चोट के कारण अपनी तकनीक में 100 प्रतिशत नहीं दे पा रहा था। मैं प्राग में जेलेजनी के डॉक्टर के पास गया और उन्होंने कुछ व्यायाम सुझाए। मैं उस पर काम कर रहा हूं, इसलिए उम्मीद है कि इससे मदद मिलेगी और मैं अपना 100 प्रतिशत दे पाऊंगा।’’

चोपड़ा की शादी ने सबसे चौंका दिया था और अपनी शादी के बारे में उन्होंने कि वह और हिमानी दोनों ही इसे एक अंतरंग संबंध बनाना चाहते थे और इसीलिए उन्होंने सोलन के पास एक शहर चुना।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं उसे जानता था। वह भी एक खेल पृष्ठभूमि वाले परिवार से आती है और हम भी। उसके पिता और मां कबड्डी खिलाड़ी थे। उसके भाई मुक्केबाज और पहलवान थे।’’

चोपड़ा ने कहा, ‘‘वह खुद एक टेनिस खिलाड़ी थी लेकिन चोट लगने के बाद उसने अपनी पढ़ाई पर अधिक ध्यान केंद्रित किया।’’

समय के साथ उनका रिश्ता कैसे विकसित हुआ इस पर चोपड़ा ने कहा कि खिलाड़ी होने के कारण वे आसानी से जुड़ सकते थे।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे परिवारों की खेल पृष्ठभूमि थी इसलिए हमें मिलने का अवसर मिला। हमारी बातचीत ऐसे ही शुरू हुई - जैसे दो खिलाड़ी बात कर रहे थे। पहले तो यह अनौपचारिक था लेकिन धीरे-धीरे हमें प्यार हो गया।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

New Zealand vs India, 3rd T20I Match Live Scorecard Update: वेलिंगटन में सीरीज पर कब्जा जमाने के इरादे से उतरी है टीम इंडिया, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट

Team India vs New Zealand T20I Stats At Henry Stadium: वेलिंगटन के हेनरी स्टेडियम में कुछ ऐसा रहा है टीम इंडिया और न्यूजीलैंड का प्रदर्शन, इन बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने मचाया धमाल; यहां जानें इस मैदान के दिलचस्प आंकड़े और अहम जानकारी

Satta Bazar Mein Aaj Kaunsi Team Favourite? वेलिंगटन में न्यूजीलैंड बनाम भारत के तीसरे टी20 मुकाबले को लेकर सट्टा बाजार का माहौल गर्म, मैच के दिन ये टीम बनी फेवरेट

India vs New Zealand 3rd T20I Match Toss Winner Prediction: वेलिंगटन में टीम इंडिया बनाम न्यूजीलैंड के बीच कौन होगा टॉस का बॉस? मैच से पहले जानें किस टीम का पलड़ा है भारी