देश की खबरें | जेएनयू छात्र संघ चुनाव अप्रैल-मई में होंगे, पर अदालत के फैसले पर निर्भर करेंगे

नयी दिल्ली, 12 मार्च जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा है कि 2024-25 सत्र के लिए छात्र संघ चुनाव अगले दो महीनों में होंगे, जो दिल्ली उच्च न्यायालय में जारी मामले के फैसले पर निर्भर करेगा।

छात्र डीन मनुराधा चौधरी द्वारा जारी परिपत्र में विश्वविद्यालय ने कहा कि चुनाव कानूनों और दिशानिर्देशों के अनुसार आयोजित किए जाएंगे।

इसमें कहा गया है, "छात्र डीन कार्यालय की ओर से विस्तृत दिशा-निर्देश यथासमय साझा किए जाएंगे।"

परिपत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यह प्रक्रिया उस मामले के फैसले पर निर्भर करेगी जिसमें विश्वविद्यालय ने छात्र निकाय चुनावों से संबंधित लिंगदोह समिति की रिपोर्ट के कुछ प्रावधानों पर दिल्ली उच्च न्यायालय से आवश्यक स्पष्टीकरण मांगा है।

यह परिपत्र छात्रों के बढ़ते विरोध के बीच आया है, जो तत्काल चुनाव अधिसूचना की मांग कर रहे हैं। जेएनयू छात्र संघ (जेएनयूएसयू) के नेतृत्व में करीब 80 छात्र पिछले छह दिनों से डीन ऑफ स्टूडेंट के कार्यालय में धरना दे रहे हैं और आरोप लगा रहे हैं कि प्रशासन जानबूझकर चुनाव में देरी कर रहा है।

पांच मार्च को एक अलग नोटिस में, प्रशासन ने अदालत द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक, उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश वी रामसुब्रमण्यम की रिपोर्ट का हवाला दिया, जिन्होंने लिंगदोह समिति की रिपोर्ट में विसंगतियों की ओर इशारा किया था।

विश्वविद्यालय ने कानूनी स्पष्टीकरण मांगा है, जिसकी अगली अदालती सुनवाई 27 मार्च को निर्धारित है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)