देश की खबरें | झारखंड के सत्तारूढ़ गठबंधन के विधायक हैदराबाद से रांची के लिए रवाना
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. झारखंड में सत्तारूढ़ झामुमो नीत गठबंधन के विधायक विधानसभा में विश्वास मत से एक दिन पहले रविवार को रांची के लिए रवाना हो गए। ये विधायक पिछले तीन दिनों से यहां एक रिजॉर्ट में ठहरे हुए थे।
हैदराबाद, चार फरवरी झारखंड में सत्तारूढ़ झामुमो नीत गठबंधन के विधायक विधानसभा में विश्वास मत से एक दिन पहले रविवार को रांची के लिए रवाना हो गए। ये विधायक पिछले तीन दिनों से यहां एक रिजॉर्ट में ठहरे हुए थे।
करीब 40 विधायक दो फरवरी को दो उड़ानों से हैदराबाद पहुंचे थे। झारखंड के विधायकों का यहां आगमन इन आशंकाओं के बीच हुआ था कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) चंपई सोरेन के नेतृत्व वाली नयी सरकार के विश्वास मत से पहले उनकी (विधायकों की) खरीद-फरोख्त का प्रयास कर सकती है।
कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि विधायकों ने यहां शमशाबाद के आरजीआई हवाई अड्डे से रांची के लिए उड़ान भरी।
पिछले तीन दिनों के दौरान विधायकों को शहर के बाहरी इलाके शमीरपेट में एक रिजॉर्ट में ठहराया गया था। सूत्रों ने कहा, ‘‘वे रिजॉर्ट से चले गए और शमशाबाद हवाई अड्डे से रांची के लिए रवाना हुए।’’
झारखंड में सत्तारूढ़ गठबंधन के एक वरिष्ठ नेता ने पूर्व में कहा था कि विधायकों को कांग्रेस शासित तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में भेजने का निर्णय यह ध्यान में रखते हुए लिया गया कि विपक्षी दल भाजपा उनकी खरीद-फरोख्त करने का प्रयास कर सकती है।
उन्होंने कहा था, ‘‘हमें बहुमत साबित करने के लिए 10 दिन का समय दिया गया था। हम इस अवधि के दौरान कोई जोखिम नहीं ले सकते क्योंकि भाजपा हमारे विधायकों से संपर्क करने की कोशिश कर सकती है।’’
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाले गठबंधन द्वारा बृहस्पतिवार को जारी एक वीडियो में 81 सदस्यीय राज्य विधानसभा में 43 विधायकों का समर्थन दिखाया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)