देश की खबरें | झारखंड सरकार और उपभोक्ताओं को दे सकती है 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली योजना का लाभ : अधिकारी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. झारखंड सरकार 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली योजना का विस्तार टाटा स्टील यूआईएसएल, सेल(बोकारो) और बीसीसीएल (धनबाद) के बिजली उपभोक्ताओं तक कर सकती है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
जमशेदपुर, चार जुलाई झारखंड सरकार 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली योजना का विस्तार टाटा स्टील यूआईएसएल, सेल(बोकारो) और बीसीसीएल (धनबाद) के बिजली उपभोक्ताओं तक कर सकती है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह आश्वासन शहरी विकास, ऊर्जा और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बुधवार को राज्य विधानसभा में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक और जनता दल यूनाइटेड (जद-यू) विधायक सरयू राय की अध्यक्षता में हुई विधायी समिति की बैठक के दौरान दिया।
राय ने यहां जारी एक बयान में कहा कि राज्य सरकार द्वारा गठित एक समिति ने मामले का अध्ययन किया है और अन्य बिजली सेवा प्रदाताओं के उपभोक्ताओं को 200 यूनिट मुफ्त बिजली और सब्सिडी वाले पेयजल कनेक्शन जैसे लाभ देने की सिफारिश की है। उन्होंने कहा कि अब इस सिफारिश को अंतिम मंजूरी के लिए राज्य मंत्रिमंडल के समक्ष रखा जाएगा।
राय के मुताबिक, सरकार ने राज्य कर्मचारी बीमा योजना (एसईआईएस) के प्रावधानों में संशोधन करने पर भी सहमति व्यक्त की है, ताकि इसे सेवानिवृत्त कर्मचारियों सहित कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए वैकल्पिक बनाया जा सके।
अधिकारियों ने बताया कि जमशेदपुर पश्चिम से विधायक राय ने यह मुद्दा बजट सत्र के दौरान विधानसभा में उठाया था।
शहरी विकास विभाग के अधिकारियों ने बताया कि समिति ने विभिन्न इलाकों में जल कनेक्शन शुल्क की समीक्षा की और सिफारिश की कि शुल्क 7,000 रुपये से अधिक नहीं होना चाहिए।
राय ने कहा कि इस संबंध में जल्द ही अधिसूचना जारी की जाएगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)