देश की खबरें | कर्नाटक में आगामी उपचुनाव नहीं लड़ेगा जद (एस) : एच डी देवेगौड़ा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जद (एस) के संरक्षक एच डी देवेगौडा ने बुधवार को कहा कि उनकी पार्टी बेलगाम लोकसभा सीट और बसवकल्याण, सिंदगी तथा मस्की विधानसभा सीटों पर होने वाला उपचुनाव नहीं लड़ेगी।

रायचूर (कर्नाटक), 10 फरवरी जद (एस) के संरक्षक एच डी देवेगौडा ने बुधवार को कहा कि उनकी पार्टी बेलगाम लोकसभा सीट और बसवकल्याण, सिंदगी तथा मस्की विधानसभा सीटों पर होने वाला उपचुनाव नहीं लड़ेगी।

निर्वाचन आयोग ने अभी चुनाव कार्यक्रम की घोषणा नहीं की है।

देवेगौड़ा के कार्यालय द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार वरिष्ठ नेता ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘जद (एस) बेलगाम लोकसभा सीट, बसवकल्याण, सिंदगी और मस्की विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव में अपने उम्मीदवार नहीं उतारेगी। इन चुनावों में लड़ने के लिए हमारे पास धन नहीं है।’’

पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा कि वह पार्टी को 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए तैयार करने पर पूरा ध्यान देंगे।

बेलगाम लोकसभा सीट पर केंद्रीय मंत्री सुरेश अंगड़ी के निधन के बाद जहां उपचुनाव आवश्यक हो गया है, वहीं बसवकल्याण सीट पर विधायक बी नारायण राव के निधन की वजह से उपचुनाव आवश्यक हो गया है।

वहीं, मस्की विधानसभा सीट विधायक प्रतापगौड़ा पाटिल के अयोग्य होने के बाद रिक्त हो गई थी। वह 2018 में कांग्रेस के टिकट पर इस सीट से जीते थे और अब वह भाजपा के साथ हैं।

सिंगली विधानसभा सीट विधायक एवं जद (एस) के वरिष्ठ नेता एम सी मनागुली के निधन के चलते रिक्त हो गई थी।

इन सीटों पर उपचुनाव के लिए सत्तारूढ़ भाजपा और कांग्रेस ने पहले ही तैयारी शुरू कर दी है।

देवेगौड़ा ने यह भी कहा कि इस साल चार राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा को झटका लगेगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा को तमिलनाडु में ज्यादा सीट नहीं मिलेंगी।

जद (एस) संरक्षक ने कहा कि पश्चिम बंगाल में हो सकता है कि ममता बनर्जी को कम वोट मिलें, लेकिन फिर भी वह सत्ता में बनी रह सकती हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘विधायकों और मंत्रियों के पार्टी छोड़ने से तृणमूल कांग्रेस को कुछ हद तक नुकसान हो सकता है, लेकिन ममता बनर्जी तीसरी बार (पश्चिम बंगाल की) मुख्यमंत्री बनेंगी।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\