देश की खबरें | जम्मू-कश्मीर फिर से राज्य बनेगा, भाजपा ही इस प्रतिबद्धता को पूरा करेगी: प्रधानमंत्री मोदी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस, नेशनल कांफ्रेंस और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) पर हमला करते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर की अवाम को उनके जायज हक से महरूम रखना ही इन ‘तीन खानदानों’ का सियासी एजेंडा रहा है।

श्रीनगर, 19 सितंबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस, नेशनल कांफ्रेंस और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) पर हमला करते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर की अवाम को उनके जायज हक से महरूम रखना ही इन ‘तीन खानदानों’ का सियासी एजेंडा रहा है।

प्रधानमंत्री ने इस पूर्ववर्ती प्रदेश के लोगों को भरोसा दिलाया कि जम्मू-कश्मीर फिर से राज्य बनेगा और भारतय जनता पार्टी (भाजपा) ही इस प्रतिबद्धता को पूरा करेगी।

यहां एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इन्होंने (कांग्रेस, पीडीपी और नेशनल कांफ्रेंस)जम्मू-कश्मीर को सिर्फ तशद्दुद यानी डर और इंतशार यानी अराजकता ही दी है।

उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन अब जम्मू-कश्मीर, इन तीन खानदानों के शिकंजे में नहीं रहेगा...।’’

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘जम्मू-कश्मीर को आतंकवाद से आजाद करना, जम्मू कश्मीर के खिलाफ साजिश करने वाली हर ताकत को हराना और यहां के नौजवानों को यहीं पर रोजगार के मौके दिलाना... यह मोदी का इरादा है और मोदी का वादा है।’’

पिछले दिनों जम्मू-कश्मीर के अपने दौरे का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि तब उन्होंने जम्मू-कश्मीर की बर्बादी के लिए ‘तीन खानदान’ को जिम्मेदार ठहराया था।

उन्होंने कहा, ‘‘तब से दिल्ली से लेकर श्रीनगर तक, ये लोग बौखलाए हुए हैं। इन्हें लगता है कि इन पर कोई कैसे सवाल उठा सकता है? इन्हें लगता है कि जैसे-तैसे कुर्सी पर कब्जा जमाना और फिर आप सबको लूटना इनका पैदाइशी हक है।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि वह जम्मू-कश्मीर की वर्तमान पीढ़ी को ‘तीन खानदानों’ के हाथों तबाह नहीं होने देंगे और इसलिए वह यहां अमन की बहाली के लिए पूरी ईमानदारी से जुटे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘आज देखिए, पूरे जम्मू-कश्मीर में स्कूल-कॉलेज आराम से चल रहे हैं। बच्चों के हाथ में कलम, किताबें और लैपटॉप हैं। आज स्कूलों में आग लगने की खबरें नहीं आती, बल्कि आज यहां नए स्कूल, नए कॉलेज, एम्स, मेडिकल कॉलेज और आईआईटी बनने की खबरें आ रही हैं।’’

प्रधानमंत्री ने लोगों से चुनाव में भाजपा के उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने की अपील करते हुए कहा कि उनकी पार्टी के उम्मीदवार जम्हूरियत, अमन और खुशहाली के लिए आपके बीच में हैं।

पहले चरण के चुनाव के तहत जम्मू-कश्मीर में हुए मतदान का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इस ‘बंपर मतदान’ ने पत्थरबाजी और दहशतगर्दी की हमदर्द पार्टियों को खारिज कर दिया है।

उन्होंने कहा, ‘‘यहां की अवाम को मोदी की सुरक्षित और समृद्ध जम्मू-कश्मीर की गारंटी पर पूर्ण विश्वास है।’’

प्रधानमंत्री के संबोधन के दौरान लोगों ने ‘मोदी-मोदी’, ‘खुशामदीद मोदी’ और ‘मोदी है तो मुमकिन है’ के नारे लगाए, जिस पर मोदी ने उनका हृदय से आभार व्यक्त किया।

चुनाव में जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल किए जाने के प्रमुख मुद्दे पर भी मोदी ने अपना पक्ष रखा और कहा कि उन्होंने देश की संसद में कहा है कि जम्मू-कश्मीर फिर से राज्य बनेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा ही इस प्रतिबद्धता को पूरा करेगी। हम जो कहते हैं, वह करते हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

India vs West Indies, 3rd T20I Match Scorecard: इंदौर में टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज के सामने रखा 224 रनों का लक्ष्य, अभिषेक शर्मा ने खेली तूफानी पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

Pakistan vs Sri Lanka, 2nd T20I Match Scorecard: रावलपिंडी में पाकिस्तान ने श्रीलंका के सामने रखा 216 रनों का लक्ष्य, माज़ सादाकत ने खेली 96 रनों की विस्फोटक पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

India vs West Indies, 3rd T20I Match Live Score Update: इंदौर में टीम इंडिया और वेस्टइंडीज के बीच खेला जा रहा है सीरीज का तीसरा मुकाबला, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट

Satta Bazar Mein Aaj Kaunsi Team Favourite? इंदौर में भारत बनाम वेस्टइंडीज के बीच तीसरे टी 20 मुकाबले को लेकर सट्टा बाजार का माहौल गर्म, मैच के दिन ये टीम बनी फेवरेट