देश की खबरें | जम्मू कश्मीर: लापता हुए तीन लोगों के शव कठुआ में झरने के पास मिले

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जम्मू कश्मीर के कठुआ जिले के ऊंचाई वाले इलाके में एक झरने के पास शनिवार को एक किशोर और उसके दो रिश्तेदारों के शव मिले। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

जम्मू, आठ मार्च जम्मू कश्मीर के कठुआ जिले के ऊंचाई वाले इलाके में एक झरने के पास शनिवार को एक किशोर और उसके दो रिश्तेदारों के शव मिले। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि मरहून निवासी दर्शन सिंह (40) और योगेश सिंह (32) तथा देहोता निवासी वरुण सिंह (15) पांच मार्च को बिलावर तहसील के लोहाई मल्हार में एक विवाह समारोह से लौटते समय लापता हो गए थे।

अधिकारियों ने बताया कि वरुण सिंह और उसके रिश्तेदार योगेश सिंह और दर्शन सिंह के शव शनिवार दोपहर पुलिस और सेना के संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान ड्रोन की मदद से मल्हार क्षेत्र के ईशू नाला में देखे गए।

उन्होंने बताया कि इलाके में ढलान होने के कारण कड़ी मशक्कत के बाद शवों को घटनास्थल से निकाला गया। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में आतंकवादी घटना की संभावना खारिज की गई है क्योंकि शवों पर चोट के कोई निशान नहीं है।

उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत का सही कारण पता चल पाएगा।

अधिकारियों ने बताया कि दर्शन के भाई बृजेश की शादी थी और तीनों उस दिन शाम करीब साढ़े पांच बजे बिलावर तहसील के लोहाई मल्हार में दुल्हन के घर के लिए पहले ही निकल गए थे। दर्शन ने रात करीब साढ़े आठ बजे अपने घर पर आखिरी बार फोन कॉल करके बताया था कि वे रास्ता भटक गए हैं।

जब वे घर वापस नहीं लौटे तो पुलिस और सेना ने उन्हें खोजने के लिए तलाश अभियान शुरू किया क्योंकि इस इलाके में पिछले साल कई आतंकवादी घटनाएं हुई थीं। इन घटनाओं में सेना के वाहन पर किया गया वह हमला भी शामिल है जिसमें पांच जवान शहीद हो गए थे।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक सतीश शर्मा ने जम्मू-कश्मीर विधानसभा में शुक्रवार को यह मुद्दा उठाया था। शर्मा ने कहा था, ‘‘मैं सदन को तीन आम नागरिकों के लापता होने के बारे में सूचित करना चाहता हूं। हम सरकार से जवाब चाहते हैं।’’

बिलावर के कोहाग गांव में 16 फरवरी को दो ग्रामीणों - शमशेर (37) और रोशन (45) के शव मिले थे और पोस्टमॉर्टम से पता चला था कि उनकी गला घोंटकर हत्या की गई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\