देश की खबरें | जम्मू-कश्मीर आतंकी हमला: भाजपा और कांग्रेस की पंजाब इकाइयों ने चंडीगढ़ में विरोध प्रदर्शन किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस की पंजाब इकाइयों ने बुधवार को चंडीगढ़ में अलग-अलग विरोध प्रदर्शन करके पहलगाम आतंकी हमले की निंदा की। इस हमले में 26 लोगों की मौत हुई है।
चंडीगढ़, 23 अप्रैल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस की पंजाब इकाइयों ने बुधवार को चंडीगढ़ में अलग-अलग विरोध प्रदर्शन करके पहलगाम आतंकी हमले की निंदा की। इस हमले में 26 लोगों की मौत हुई है।
भाजपा के विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने किया, जो पार्टी के पंजाब मामलों के प्रभारी भी हैं।
कांग्रेस ने राज्य इकाई के प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया।
रूपाणी ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह घटना घाटी में शांति भंग करने की साजिश है क्योंकि नरेन्द्र मोदी सरकार ने पिछले कुछ वर्षों में कश्मीर के विकास और स्थिरता के लिए कई निर्णायक कदम उठाए हैं, जिससे वहां रिकॉर्ड संख्या में पर्यटक आए, स्थानीय लोगों को रोजगार मिला और जन-जीवन सामान्य हो गया।
उन्होंने कहा कि यह न केवल निर्दोष लोगों की हत्या है, बल्कि कश्मीर में शांति, व्यापार और पर्यटन पर भी सीधा हमला है।
विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चंडीगढ़ के सेक्टर-37 स्थित पार्टी कार्यालय से मार्च निकाला। उन्होंने पाकिस्तान विरोधी नारे लगाए और सेक्टर-25 के गोल चक्कर के पास पाकिस्तान का पुतला फूंका।
कांग्रेस की पंजाब इकाई ने अलग से विरोध प्रदर्शन किया।
पार्टी कार्यकर्ताओं ने ‘देश की एकता जिंदाबाद’ के साथ साथ पाकिस्तान विरोधी नारे लगाए।
आतंकी हमले की निंदा करते हुए कांग्रेस के प्रदेश प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने कहा कि केंद्र सरकार को पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के इशारे पर निर्दोष भारतीय नागरिकों की हत्या की गई है।
उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं के दावों के विपरीत यह हमला दिखाता है कि जम्मू-कश्मीर में अभी भी सामान्य स्थिति नहीं लौटी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)