विदेश की खबरें | जयशंकर ने म्यूनिख में अपने समकक्षों के साथ द्विपक्षीय बैठक की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शनिवार को ऑस्ट्रिया, रोमानिया, डेनमार्क, मंगोलिया, अर्जेंटीना के अपने समकक्षों से मुलाकात की और व्यापार में सहयोग तथा सुरक्षा ढांचे में चुनौतियों पर चर्चा की।
म्यूनिख, 15 फरवरी विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शनिवार को ऑस्ट्रिया, रोमानिया, डेनमार्क, मंगोलिया, अर्जेंटीना के अपने समकक्षों से मुलाकात की और व्यापार में सहयोग तथा सुरक्षा ढांचे में चुनौतियों पर चर्चा की।
जयशंकर ने यहां म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन 2025 के अवसर पर नॉर्वे के वित्त मंत्री से भी मुलाकात की।
उन्होंने नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोर, अमेरिकी सीनेटर एलिसा स्लोटकिन और वारसॉ के मेयर रफाल ट्रज़ास्कोवस्की के साथ 'एक और दिन वोट करने के लिए जीना: लोकतंत्र को मजबूत करना' विषय पर एक परिचर्चा में भाग लिया।
जयशंकर ने दिन की शुरुआत नॉर्वे के वित्त मंत्री जेन्स स्टोलटेनबर्ग के साथ बैठक कर की, जो म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन के आगामी अध्यक्ष हैं।
उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में बैठक की तस्वीरों के साथ कहा, ‘‘विकसित हो रहे वैश्विक सुरक्षा ढांचे पर सार्थक बातचीत हुई।’’
जयशंकर ने ऑस्ट्रिया के चांसलर और विदेश मंत्री अलेक्जेंडर शालेनबर्ग की क्षेत्र संबंधी अंतर्दृष्टि की सराहना करते हुए उसे ‘‘मूल्यवान’’ बताया। उन्होंने रोमानिया के विदेश मंत्री एमिल हुरेजेनु के साथ ‘‘व्यापार में द्विपक्षीय सहयोग को आगे बढ़ाने पर चर्चा की’’ और डेनमार्क के विदेश मंत्री लार्स लोके रासमुसेन के साथ ‘‘यूरोपीय सुरक्षा की जटिल चुनौतियों पर चर्चा की।’’
उन्होंने कहा कि मंगोलिया के विदेश मंत्री बत्त्सेत्सेग बटमुंख के साथ उनकी ‘‘गर्मजोशी भरी बातचीत’’ हुई और उन्होंने भारत-मंगोलिया सहयोग की निरंतर प्रगति की सराहना की।
उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘संस्कृति, व्यापार, विकास साझेदारी और प्रौद्योगिकी में हमारे जुड़ाव को प्रगाढ़ करने के बारे में बात की।’’
इससे पहले शनिवार को जयशंकर ने अपने यूक्रेनी समकक्ष एंड्री सिबिहा से मुलाकात की और यूक्रेन संघर्ष के समाधान पर चर्चा की।
जयशंकर ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘यूक्रेन के विदेश मंत्री एंड्री सिबिहा से मिलकर अच्छा लगा। यूक्रेन संघर्ष के समाधान की दिशा में जारी प्रयासों पर चर्चा की। हमारे द्विपक्षीय सहयोग को और आगे बढ़ाने के बारे में भी बात की।’’
विदेश मंत्री ने बवेरिया के प्रधानमंत्री मार्कस सोडर से भी मुलाकात की और दोनों देशों के बीच अर्थव्यवस्था और प्रौद्योगिकी में सहयोग पर चर्चा की।
जयशंकर ने एक अन्य पोस्ट में कहा, ‘‘अंतरराष्ट्रीय हालात पर चर्चा की। भारत में उनका स्वागत करने के लिए उत्सुक हूं।’’
जयशंकर ने शुक्रवार को जर्मनी के रक्षा मंत्री बोरिस पिस्टोरियस से भी मुलाकात की और इस दौरान द्विपक्षीय सहयोग और यूक्रेन के घटनाक्रम पर चर्चा की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)