जरुरी जानकारी | आईआरसीटीसी, आईआरएफसी को नवरत्न का दर्जा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. सरकार ने सोमवार को आईआरसीटीसी और आईआरएफसी को नवरत्न केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रम (सीपीएसई) का दर्जा देने को मंजूरी दी। इसके साथ रेलवे के सूचीबद्ध सातों उपक्रम को नवरत्न का दर्जा मिल गया है। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
नयी दिल्ली, तीन मार्च सरकार ने सोमवार को आईआरसीटीसी और आईआरएफसी को नवरत्न केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रम (सीपीएसई) का दर्जा देने को मंजूरी दी। इसके साथ रेलवे के सूचीबद्ध सातों उपक्रम को नवरत्न का दर्जा मिल गया है। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) रेल मंत्रालय का एक उपक्रम है और भारत में एकमात्र इकाई है जो ऑनलाइन टिकट बुकिंग और खानपान सेवाएं देती है।
बयान के अनुसार, ‘‘रेलवे के उपक्रम आईआरसीटी का सालाना कारोबार वित्त वर्ष 2023-24 में 4,270.18 करोड़ रुपये और शुद्ध लाभ 1,111.26 करोड़ रुपये था।’’
भारतीय रेलवे वित्त निगम (आईआरएफसी) सबसे प्रतिस्पर्धी दरों और शर्तों पर बाजार उधार के माध्यम से भारतीय रेलवे की अतिरिक्त बजटीय संसाधनों (ईबीआर) की आवश्यकता को पूरा करने में मदद करता है।
आईआरएफसी का वित्त वर्ष 2023-24 में सालाना कारोबार 26,644 करोड़ रुपये और शुद्ध लाभ 6,412 करोड़ रुपये था।
दोनों सीपीएसई को बधाई देते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोशल मीडया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘नवरत्न का दर्जा मिलने पर आईआरसीटीसी और आईआरएफसी को बधाई।’’
भारतीय रेलवे के 12 उपक्रम हैं जिनमें से सात सूचीबद्ध हैं।
मंत्रालय ने कहा, ‘‘रेलवे के सभी उपक्रम लाभ कमाने वाली इकाइयां हैं। उनका एकीकृत लाभ वित्त वर्ष बढ़कर वित्त वर्ष 2023-24 में 11,780 करोड़ रुपये हो गया है, जो 2020-21 में 7,015 करोड़ रुपये था। यह तीन वित्त वर्षों में 68 प्रतिशत की वृद्धि है।’’
इसमें कहा गया, ‘‘पिछले तीन साल में सभी सूचीबद्ध रेलवे उपक्रमों का बाजार पूंजीकरण बढ़ा है। मार्च, 2021 में यह 1.15 लाख करोड़ रुपये था जो दिसंबर, 2024 में बढ़कर 4.4 लाख करोड़ रुपये हो गया। सभी सूचीबद्ध इकाइयां लाभांश का भुगतान कर रही हैं।।’’
बयान के अनुसार, नवरत्न का दर्जा पाने वाला पहला केंद्रीय उपक्रम जुलाई, 2014 में कानकॉर (भारतीय कंटेनर निगम लि.) था।
अधिकारियों के अनुसार रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के कार्यकाल में आरवीएनएल (रेल विकास निगम लि.), इरकॉन (इरकॉन इंटरनेशनल लि.), राइट्स लि., रेलटेल कॉरपोरेशन, आईआरसीटीसी और आईआरएफसी को नवरत्न का दर्जा दिया गया है।
आरवीएनएल को मई, 2023 में नवरत्न का दर्जा मिला, वहीं इरकॉन और राइट्स ने अक्टूबर 2023 में यह दर्जा हासिल किया। दूरसंचार बुनियादी ढांचा कंपनी रेलटेल को अगस्त, 2024 में नवरत्न का दर्जा दिया गया।
मंत्रालय ने कहा, ‘‘केंद्रीय लोक उपक्रमों को नवरत्न का दर्जा मिलने से कंपनियों की परिचालन और वित्तीय स्वायत्तता सुनिश्चित होती है। अब यह दर्जा आईआरसीटीसी और आईआरएफसी को तेजी से निर्णय लेने, बढ़ी हुई दक्षता और अधिक सशक्तीकरण के साथ मजबूत बनाएगा।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)