देश की खबरें | वरिष्ठ सहकर्मी पर फाइल रखने का आरोप लगाने वाली आईपीएस अधिकारी वर्तिका कटियार का तबादला

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी वर्तिका कटियार का सोमवार को तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया गया। उन्होंने कुछ दिन पहले अपनी वरिष्ठ सहकर्मी पर उनके कार्यालय में फाइल रखने का आरोप लगाया था।

बेंगलुरु, तीन मार्च भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी वर्तिका कटियार का सोमवार को तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया गया। उन्होंने कुछ दिन पहले अपनी वरिष्ठ सहकर्मी पर उनके कार्यालय में फाइल रखने का आरोप लगाया था।

भारतीय पुलिस सेवा की 2010 बैच की अधिकारी बेंगलुरु के आंतरिक सुरक्षा प्रभाग में पुलिस उप महानिरीक्षक के पद पर कार्यरत थीं।

तीन मार्च को जारी एक आधिकारिक अधिसूचना में कहा गया, ‘‘बेंगलुरु में आंतरिक सुरक्षा प्रभाग की पुलिस उप महानिरीक्षक आईपीएस (2010) वर्तिका कटियार का तत्काल प्रभाव से तबादला किया जाता है और अगले आदेश तक उन्हें पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं अतिरिक्त कमांडेंट जनरल, होम गार्ड्स और बेंगलुरु में नागरिक सुरक्षा के पदेन अतिरिक्त निदेशक के पद पर पदावनत रिक्त पद पर तैनात किया जाता है।’’

हालांकि, कर्नाटक सरकार द्वारा जारी आदेश में तत्काल तबादले का कोई कारण नहीं बताया गया है।

कटियार ने पिछले माह 2000 बैच की आईपीएस अधिकारी रूपा डी मौदगिल के खिलाफ मुख्य सचिव शालिनी रजनीश के समक्ष लिखित शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें आरोप लगाया था कि दो कनिष्ठ पुलिस अधिकारी उनकी अनुपस्थिति में नियंत्रण कक्ष से चाबियां लेकर उनके कार्यालय में घुस गए। कटियार ने आरोप लगाया कि कनिष्ठ अधिकारियों ने अपनी वरिष्ठ सहकर्मी के कहने पर यह काम किया और उनके कार्यालय में फाइल रख दीं।

रूपा वर्तमान में आंतरिक सुरक्षा प्रभाग में पुलिस महानिरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\