देश की खबरें | जांच आयोग ने पेश नहीं होने पर हफ्ते में दूसरी बार परमबीर सिंह पर जुर्माना लगाया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उच्च न्यायालय के एक सेवानिवृत न्यायाधीश की अगुवाई वाले जांच आयोग ने उसके सामने पेश नहीं होने पर बुधवार को मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह पर 25000 रूपये का जुर्माना लगाया। एक सरकारी वकील ने यह जानकारी दी।
मुंबई, 25 अगस्त उच्च न्यायालय के एक सेवानिवृत न्यायाधीश की अगुवाई वाले जांच आयोग ने उसके सामने पेश नहीं होने पर बुधवार को मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह पर 25000 रूपये का जुर्माना लगाया। एक सरकारी वकील ने यह जानकारी दी।
आयोग ने कई बार सम्मन जारी किये के बाद भी पेश नहीं होने पर सिंह पर एक सप्ताह में दूसरी बार और अबतक तीसरी बार जुर्माना लगाया है।
महाराष्ट्र सरकार ने इस साल मार्च में तत्कालीन गृह मंत्री एवं राकांपा नेता अनिल देशमुख के खिलाफ सिंह द्वारा लगाये गये भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच के लिए इस आयोग का गठन किया था।
आयोग ने 18 अगस्त को सिंह को उसके सामने पेश नहीं होने पर इतनी ही राशि का जुर्माना लगाया था। उससे पहले जून में इन आईपीएस अधिकारी को इसी कारण से 5000 रूपये का भुगतान करने का आदेश दिया गया था।
इन रकम को मुख्यमंत्री कोविड-19 राहत कोष में जमा किया जाना था । सरकारी वकील के अनुसार वैसे सिंह ने अबतक कोई जुर्माना नहीं भरा है।
मार्च में परमबीर सिंह को मुंबई के पुलिस आयुक्त पद से हटा दिया गया और उन्हें महानिदेशक (होमगार्ड) बनाया गया था। उसके बाद परमबीर सिंह ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को लिखे पत्र में दावा किया कि देशमुख पुलिस अधिकारियों से मुंबई में रेस्तरां एवं बार मालिकों से पैसा लाने के लिए कहते थे। देशमुख ने इन आरोपों से इनकार किया है।
उधर, प्रवर्तन निदेशालय देशमुख के विरूद्ध सिंह द्वारा लगाये गये आरोपों की जांच कर रहा है ।
जांच आयोग की अगली सुनवाई 30 अगस्त को होगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)