जरुरी जानकारी | इन्फीबीम की यूएई स्थित अनुषंगी कंपनी में सूचीबद्ध होने से पहले फेरबदल

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. प्रौद्योगिकी आधारित वित्तीय कंपनी इन्फीबीम एवेन्यूज लिमिटेड की संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) स्थित अनुषंगी कंपनी ने शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने से पहले अपनी शेयरधारिता संरचना का पुनर्गठन किया है।

नयी दिल्ली, आठ मार्च प्रौद्योगिकी आधारित वित्तीय कंपनी इन्फीबीम एवेन्यूज लिमिटेड की संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) स्थित अनुषंगी कंपनी ने शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने से पहले अपनी शेयरधारिता संरचना का पुनर्गठन किया है।

इन्फीबीम ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि पुनर्गठन में एवेन्यूज वर्ल्ड एफजेड-एलएलसी में समान शेयरधारिता को अपनी नई निगमित अबू धाबी इकाई इन्फीबीम एवेन्यूज एमई एसपीवी लिमिटेड में स्थानांतरित करना शामिल है।

शेयर बाजार को बृहस्पतिवार को दी सूचना के अनुसार, इन्फीबीम एवेन्यूज की पूर्ण स्वामित्व वाली यूएई स्थित अनुषंगी कंपनी वैवियन इंटरनेशनल, नवगठित इन्फीबीम एवेन्यूज एमई एसपीवी लिमिटेड में 80 प्रतिशत हिस्सेदारी रखेगी।

बदले में यह इकाई एवेन्यूज वर्ल्ड एफजेड-एलएलसी का स्वामित्व रखेगी, जो यूएई में व्यापक रूप से मान्यता प्राप्त सीसीएवेन्यू डॉट एई भुगतान गेटवे का परिचालन करती है।

इन्फीबीम एवेन्यूज लिमिटेड ने पहले बताया था कि उसकी यूएई स्थित अनुषंगी की अनुषंगी एवेन्यूज वर्ल्ड एफजेड-एलएलसी ने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) से पहले शेयर नियोजन के जरिये दो करोड़ डॉलर तक जुटाए हैं।

साल 2016 से इन्फीबीम एवेन्यूज पर नजर रखने वाली एक ब्रोकरेज फर्म के शोध विश्लेषक के अनुसार, कंपनी के यूएई परिचालन में, विशेष रूप से पिछले तीन वर्षों में तेजी से विस्तार हुआ है।

इन्फीबीम एवेन्यूज ने अगस्त 2023 में एक अरब दिरहम से ज्यादा के लेन-देन करने की घोषणा की थी। अक्टूबर, 2023 तक इसके सीसीएवेन्यू डॉट एई भुगतान माध्यम ने 24.5 अरब दिरहम से ज्यादा के लेन-देन किए थे। यह बुर्ज खलीफा, एमार, दमक, नखील और ट्रम्प गोल्फ दुबई जैसे ग्राहकों सहित विभिन्न उद्योगों में 5,000 से ज्यादा व्यापारियों को सेवा दे रहा है।

एक सूत्र ने बताया कि भारत के विपरीत, यूएई का डिजिटल भुगतान परिदृश्य मुख्य रूप से उच्च-कमीशन वाले लेनदेन पर केंद्रित है, जहां लगभग सभी लेनदेन डेबिट/क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग के माध्यम से किए जाते हैं।

उद्योग के अनुमान के अनुसार ई-कॉमर्स, मोबाइल भुगतान और संपर्क रहित लेनदेन को तेजी से अपनाने से यूएई का डिजिटल भुगतान बाजार 8.02 प्रतिशत की सालाना वृद्धि दर (सीएजीआर) से बढ़ सकता है, और यह 2027 तक 39.13 अरब डॉलर पर पहुंच जाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\