देश की खबरें | नगर निगम के सफाईकर्मियों और नागरिकों के कारण इंदौर स्वच्छता में शीर्ष पर: कैलाश विजयवर्गीय

इंदौर, सात अक्टूबर मध्य प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि केंद्र के ‘स्वच्छता सर्वेक्षण’ पुरस्कारों में इंदौर को लगातार छठवीं बार शीर्ष स्थान मिलने का श्रेय अधिकारियों को बजाय सफाई मित्रों (स्वच्छता और सफाई से जुड़े कर्मी) और नागरिकों को मिलना चाहिए।

पुरस्कारों के 2022 संस्करण में सबसे स्वच्छ शहर की श्रेणी में इंदौर के बाद गुजरात के सूरत और महाराष्ट्र के नवी मुंबई का स्थान है।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव ने इंदौर नगर निगम के कर्मचारियों को सम्मानित करने के एक समारोह में बृहस्पतिवार को कहा, ‘‘ मेरे अलावा किसी में भी ऐसा कहने की हिम्मत नहीं है। कभी-कभी कड़वा भी बोलना चाहिए। मेरे अनुसार जीत का श्रेय सफाई मित्रों और नागरिकों को जाता है। इंदौर के लोग अपने पूर्वजों के कारण सुसंस्कृत और अनुशासित हैं।’’

विजयवर्गीय ने कहा कि किसी को अधिकारियों की मालिश करने की आवश्यकता नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने सवाल किया कि इंदौर के कलेक्टर जब उज्जैन में पदस्थ थे, तो क्या वह उज्जैन को स्वच्छ शहर की श्रेणी में शीर्ष स्थान दिलवा सके थे।

उन्होंने कहा कि इंदौर पहले स्थान पर अपने नागरिकों के कारण है न कि अधिकारियों के कारण है। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद आप यहां के लोगों को श्रेय नहीं दे रहे हैं और इसके लिए नौकरशाहों की प्रशंसा कर रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)