जरुरी जानकारी | भारत-पाक व्यापार पहले ही नगण्य; अब पूरी तरह ठप हो जाएगा: फियो
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. भारत और पाकिस्तान के बीच तीसरे देशों के रास्ते होने वाले व्यापार सहित सभी व्यापारिक संबंधों को निलंबित करने से द्विपक्षीय कारोबार अब पूरी तरह से ठप पड़ जाएगा। निर्यातकों के शीर्ष संगठन फियो ने बृहस्पतिवार को यह बात कही।
नयी दिल्ली, 24 अप्रैल भारत और पाकिस्तान के बीच तीसरे देशों के रास्ते होने वाले व्यापार सहित सभी व्यापारिक संबंधों को निलंबित करने से द्विपक्षीय कारोबार अब पूरी तरह से ठप पड़ जाएगा। निर्यातकों के शीर्ष संगठन फियो ने बृहस्पतिवार को यह बात कही।
आमतौर पर भारत से पाकिस्तान को माल दुबई बंदरगाह के रास्ते पहुंचाया जाता है।
पहलगाम में मंगलवार को हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत ने कई सख्त कदम उठाए, जिसमें अटारी भूमि-पारगमन चौकी को तत्काल बंद करना भी शामिल है। इस चौकी का उपयोग कुछ सामानों की आवाजाही के लिए किया जाता है।
इस भीषण आतंकवादी हमले में 26 लोग मारे गए, जिनमें अधिकतर पर्यटक थे। 2019 में पुलवामा हमले के बाद कश्मीर घाटी में यह सबसे घातक हमला था।
भारत ने पाकिस्तानी सैन्य अताशे को निष्कासित करने और 1960 की सिंधु जल संधि को निलंबित करने की भी घोषणा की है। इसके जवाब में पाकिस्तान ने भी तीसरे देशों के माध्यम से होने वाले मार्गों सहित भारत के साथ ‘‘सभी व्यापार’’ को निलंबित करने की घोषणा की है।
पड़ोसी देश के इस निर्णय पर भारतीय निर्यात संगठन महासंघ (फियो) के अध्यक्ष एस सी रल्हन ने कहा कि पाकिस्तान के साथ भारत का द्विपक्षीय व्यापार नगण्य है और यह भारत के कुल व्यापार का मात्र 0.06 प्रतिशत है।
रल्हन ने ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘पाकिस्तान के साथ हमारा व्यापार बहुत कम है, जो लगातार घट रहा है। वित्त वर्ष 2024-25 की अप्रैल-जनवरी अवधि में यह 50 करोड़ डॉलर भी नहीं था, जबकि इसी अवधि में भारत का कुल व्यापार 800 अरब डॉलर से अधिक रहा था। बदले हुए हालात में व्यापार अब पूरी तरह से ठप हो जाएगा, जिससे पाकिस्तान को कुछ प्रमुख उत्पादों की आपूर्ति प्रभावित होगी। इससे उनकी अर्थव्यवस्था को और नुकसान होगा।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)