देश की खबरें | 'इंडियाज गॉट लैटेंट' मामला: गुवाहाटी पुलिस ने रणवीर इलाहाबादिया से पूछताछ की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गुवाहाटी पुलिस ने शुक्रवार को यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया से उस मामले के संबंध में पूछताछ की जो ‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ पर उनकी आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर आक्रोश के बाद दर्ज किया गया था।

गुवाहाटी, सात मार्च गुवाहाटी पुलिस ने शुक्रवार को यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया से उस मामले के संबंध में पूछताछ की जो ‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ पर उनकी आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर आक्रोश के बाद दर्ज किया गया था।

इलाहाबादिया बृहस्पतिवार रात को यहां पहुंचे थे और वह अपराध शाखा के सामने पेश हुए, जहां उनसे कई घंटे तक पूछताछ की गई। इलाहाबादिया के साथ उनके वकील भी थे।

संयुक्त आयुक्त अंकुर जैन ने यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया से पूछताछ करने वाले पुलिस दल का नेतृत्व किया।

शो पर इलाहाबादिया की टिप्पणियों से इंटरनेट पर आक्रोश उत्पन्न हो गया था।

रणवीर इलाहाबादिया द्वारा माता-पिता और सेक्स पर की गई टिप्पणियों के लिए उनके खिलाफ देशभर में कई प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी हैं।

हालांकि उच्चतम न्यायालय ने रणवीर इलाहाबादिया को गिरफ्तारी से अंतरिम संरक्षण प्रदान किया है लेकिन शीर्ष अदालत ने उनकी टिप्पणी को ‘‘अश्लील’’ करार देते हुए कहा था कि उनकी ‘‘विकृत मानसिकता’’ से समाज को शर्मिंदा होना पड़ा।

गुवाहाटी पुलिस ने मामले के सिलसिले में एक अन्य यूट्यूबर आशीष चंचलानी से 27 फरवरी को पूछताछ की थी। गुवाहाटी उच्च न्यायालय ने 18 फरवरी को चंचलानी को अंतरिम जमानत दे दी थी।

गुवाहाटी पुलिस द्वारा 10 फरवरी को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, सिनेमैटोग्राफ अधिनियम और स्त्री अशिष्ट रूपण (निषेध) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज की गई प्राथमिकी में कुल पांच लोगों को नामजद किया गया था।

इलाहाबादिया और चंचलानी के अलावा, मामले में नामजद अन्य लोगों में कॉमेडियन समय रैना, जसप्रीत सिंह और अपूर्व मखीजा शामिल हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\