खेल की खबरें | श्रीलंका श्रृंखला से विश्व कप के दावेदारों को अधिक मौके देगा भारत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. आस्ट्रेलिया में इस साल के आखिर में होने वाले टी20 विश्व कप के लिये टीम में जगह बनाने के दावेदारों की संख्या बढ़ने के कारण भारत गुरुवार से यहां श्रीलंका के खिलाफ शुरू होने वाली तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की श्रृंखला में विभिन्न विकल्पों को आजमाने से परहेज नहीं करेगा।

लखनऊ, 23 फरवरी आस्ट्रेलिया में इस साल के आखिर में होने वाले टी20 विश्व कप के लिये टीम में जगह बनाने के दावेदारों की संख्या बढ़ने के कारण भारत गुरुवार से यहां श्रीलंका के खिलाफ शुरू होने वाली तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की श्रृंखला में विभिन्न विकल्पों को आजमाने से परहेज नहीं करेगा।

वेस्टइंडीज के खिलाफ 3-0 से क्लीन स्वीप करने के बाद अब भारतीय टीम श्रीलंका को भी कड़ा सबक सिखाने की कोशिश करेगी और रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम को ऐसा करने का दावेदार भी माना जा रहा है।

लेकिन क्लीन स्वीप करने की इच्छा के बावजूद टीम प्रबंधन आस्ट्रेलिया में अक्टूबर-नवंबर में होने वाले विश्व कप से पहले अधिक से अधिक खिलाड़ियों को जितना संभव हो सके, मौके देने की कोशिश करेगा।

विराट कोहली, ऋषभ पंत और केएल राहुल जैसे स्थापित खिलाड़ियों की अनुपस्थिति में आगामी तीन मैचों में निश्चित तौर पर इशान किशन, रुतुराज गायकवाड़ और संजू सैमसन जैसे खिलाड़ियों को अधिक मौके मिलेंगे।

कोहली की अनुपस्थिति में श्रेयस अय्यर को अधिक ओवर खेलने और बड़ा स्कोर बनाकर मध्यक्रम में अपनी जगह पक्की करने का अवसर मिलेगा। कोहली की वापसी के बाद उनका नंबर तीन पर खेलना तय है।

गायकवाड़ और अय्यर वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे टी20 में नहीं चल पाये थे और वे श्रीलंका के खिलाफ इसकी भरपायी करना चाहेंगे।

वेस्टइंडीज के खिलाफ वेंकटेश अय्यर ने ‘फिनिशर’ की भूमिका अच्छी तरह से निभायी थी। यदि वह अपनी गेंदबाजी में थोड़ा सुधार कर लें तो भारत के पास विश्व कप के लिये एक अदद आलराउंडर होगा।

सूर्यकुमार यादव और दीपक चाहर के चोटिल होने के कारण बाहर हो जाने से वेंकटेश की जिम्मेदारी बढ़ गयी है।

संजू सैमसन को भी टीम में लिया गया है और यह देखना दिलचस्प होगा कि टीम प्रबंधन उन्हें अंतिम एकादश में कहां फिट करता है।

स्पिनर रवि बिश्नोई ने वेस्टइंडीज के खिलाफ प्रभाव छोड़ा था। तेज गेंदबाजी विभाग में जसप्रीत बुमराह की वापसी से भारतीय आक्रमण मजबूत हुआ है। भुवनेश्वर कुमार और मोहम्मद सिराज के साथ मिलकर वह मजबूत तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई करेंगे।

कोच राहुल द्रविड़ ने हाल में कहा था कि उनके और रोहित के सामने विश्व कप के लिये टीम संयोजन को लेकर काफी हद तक स्पष्ट तस्वीर है।

द्रविड़ ने वेस्टइंडीज के खिलाफ क्लीन स्वीप के बाद कहा था, ‘‘मुझे लगता है कि मेरे और रोहित तथा चयनकर्ताओं और प्रबंधन के बीच इसको (टीम संयोजन) लेकर स्पष्ट तस्वीर है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि इसका कोई तय फार्मूला है लेकिन हम (टी20 विश्व कप के लिये) संयोजन और संतुलन को लेकर काफी हद तक स्पष्ट हैं। हम इसी के इर्द गिर्द टीम को तैयार कर रहे हैं और खिलाड़ियों के कार्यभार को संतुलित कर रहे हैं। ’’

द्रविड़ ने कहा, ‘‘आस्ट्रेलिया के लिये हमें कैसा कौशल चाहिए उसको लेकर हमारी राय स्पष्ट है जिसके आधार पर हम आगे बढ़ रहे हैं। हमने कोई निश्चित मानदंड तय नहीं किये हैं लेकिन हम सभी को उचित मौका देना चाहते हैं।’’

जहां तक श्रीलंका का सवाल है तो उसे हाल में आस्ट्रेलिया के खिलाफ 1-4 से हार का सामना करना पड़ा था। उसके बल्लेबाज किसी भी मैच में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाये थे।

कप्तान दासुन शनाका को उम्मीद रहेगी कि भारतीय पिचों पर अनुकूल परिस्थितियों में उनके बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन करेंगे।

गेंदबाजी विभाग में श्रीलंका को लेग स्पिनर वानिंदु हसरंगा की कमी खलेगी जो कोविड-19 से संक्रमित होने के बाद अभी तक उससे नहीं उबर पाये हैं।

टीम इस प्रकार हैं :

भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), रुतुराज गायकवाड़, श्रेयस अय्यर, संजू सैमसन, इशान किशन (विकेटकीपर), वेंकटेश अय्यर, दीपक हुड्डा, रविंद्र जडेजा, युजवेंद्र चहल, रवि बिश्नोई, कुलदीप यादव, मोहम्मद। सिराज, भुवनेश्वर कुमार, हर्षल पटेल, जसप्रीत बुमराह (उपकप्तान), आवेश खान।

श्रीलंका: दासुन शनाका (कप्तान), पथुम निसांका, कुसाल मेंडिस, चरित असलंका (उप-कप्तान), दिनेश चांदीमल, दनुष्का गुणथिलका, कामिल मिशारा, जनीथ लियानागे, चमिका करुणारत्ने, दुशमंथा चमीरा, लाहिरू कुमारा, बिनुरा फर्नांडो, शिरन फर्नांडो, महेश तीक्षाना, जेफरी वांडरसे, प्रवीण जयविक्रमा, आशियान डेनियल।

मैच भारतीय समयानुसार शाम सात बजे शुरू होगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

IND vs NZ ODI Series 2026: खत्म होने वाला है इंतजार! इस दिन मैदान पर लौटेंगे रोहित शर्मा और विराट कोहली, जानिए पूरा शेड्यूल और मैच टाइमिंग

Team India vs New Zealand T20I Stats At Hagley Oval: हेग्ले ओवल में कुछ ऐसा रहा हैं टीम इंडिया और न्यूजीलैंड का प्रदर्शन, इन बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने मचाया धमाल; यहां जानें क्राइस्टचर्च के इस मैदान के दिलचस्प आंकड़े और अहम जानकारी

Virat Kohli ODI Stats Against New Zealand: वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में न्यूजीलैंड में कुछ ऐसा रहा हैं विराट कोहली का प्रदर्शन, एक क्लिक पर देखें 'रन मशीन' के आंकड़ें

Team India vs New Zealand T20I Stats At Hagley Oval: हेग्ले ओवल में कुछ ऐसा रहा हैं टीम इंडिया और न्यूजीलैंड का प्रदर्शन, इन बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने मचाया धमाल; यहां जानें क्राइस्टचर्च के इस मैदान के दिलचस्प आंकड़े और अहम जानकारी